बुलंदशहर : डेंटल क्लीनिक संचालक पर दुष्कर्म का आरोप
बुलंदशहर के काला आम क्षेत्र स्थित एक डेंटल क्लीनिक में कार्यरत युवती ने अपने संचालक पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली नगर में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पीड़िता के अनुसार, वह पिछले करीब तीन वर्षों से उक्त डेंटिस्ट के क्लिनिक पर नर्स के रूप में कार्यरत थी। आरोप है कि डॉक्टर ने उसे चाय बनाने के बहाने अपने कमरे में बुलाया और वहां जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद युवती ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया है, जिससे उनमें आक्रोश है।
यह मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में संवेदनशीलता बनी हुई है। पीड़िता भूड़ शांति नगर क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है।

