बुलंदशहर : जिला जज, DM, SSP ने किया कारागार का निरीक्षण
जिला जज संजय सिंह, जिलाधिकारी श्रुति और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंद बंदियों के लिए जेल प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सर्दी से बचाव के लिए बंदियों को कंबल वितरित किए गए। महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को भी कंबल और गिफ्ट पैक दिए गए। अधिकारियों ने रसोई का भी निरीक्षण किया और तैयार किए गए भोजन की गुणवत्ता जांची। उन्होंने बंदियों द्वारा किए जा रहे सिलाई के कार्यों का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर, अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। बंदियों द्वारा किसी भी प्रकार की समस्या सामने नहीं लाई गई।
इसके अतिरिक्त, अधिकारियों ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बाल बंदियों को सम्प्रेक्षण गृह प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर संबंधित अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

