बुलंदशहर : डीजे की तेज आवाज से शोरूम की फॉल सीलिंग गिरी, हाथापाई
बुलंदशहर में महाकाली शोभायात्रा के दौरान डीजे की तेज आवाज से एक शोरूम की फॉल सीलिंग गिर गई। इस घटना के बाद शोभायात्रा आयोजकों और शोरूम संचालक के बीच हाथापाई हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत किया।
यह घटना रविवार को हुई जब नगर के विभिन्न क्षेत्रों में महाकाली की शोभायात्राएं निकाली जा रही थीं। रोडवेज बस स्टैंड से अंसारी रोड चौराहे होते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में एक शोभायात्रा गुजर रही थी। इसमें कसाना डीजे शामिल था।
बताया गया कि जब शोभायात्रा अंसारी रोड से चौक बाजार की ओर पहुंची तो डीजे की अत्यधिक तेज आवाज के कारण एक जूते-चप्पल के शोरूम की फॉल सीलिंग भरभराकर गिर गई। शोरूम संचालक ने डीजे की तेज आवाज का विरोध किया लेकिन डीजे बंद नहीं किया गया। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और मामला शांत कराया। इस विरोध के चलते करीब दो घंटे तक डीजे का संचालन रुका रहा। वहीं, शहर के व्यापारियों ने भी सोशल मीडिया पर तेज आवाज में बजने वाले डीजे के खिलाफ आवाज उठानी शुरू कर दी है।