बुलंदशहर : महिलाओं की वीडियो बनाने पर मारपीट/बवाल, 8 लोगों पर केस दर्ज
बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र के कौराली गांव में एक दलित परिवार के कुआं पूजन कार्यक्रम के दौरान हिंसा की घटना सामने आई है। घटना 26 मार्च की रात करीब 8 बजे की है। रनपाल के पोते के कुआं पूजन समारोह में परिवार की महिलाएं डीजे पर नृत्य कर रही थीं।
इसी दौरान गांव के मोइल, फारूख, फरीद, फिरोज, फरदीन समेत कुछ लोग महिलाओं की मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। दलित परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में मनीष पुत्र रामगोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकी भी दी। चोला थाना प्रभारी के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। रनपाल की शिकायत पर 8 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जनपद के धमरावली में एक दलित की बारात में इसी तरह का बवाल हुआ था।