Crime News

बुलंदशहर : रेप केस में फंसाकर वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

बुलंदशहर में फर्जी दुष्कर्म के मामलों में लोगों को फंसाकर रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। गिरोह के सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। यह गिरोह व्यापारियों, अफसरों, नेताओं के खिलाफ नाबालिग किशोरियों से फर्जी मुकदमें दर्ज करवाता है और फिर रंगदारी वसूलता है। नगर कोतवाली में पिता-पुत्र समेत 5 आरोपियों पर संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

जहाँगीराबाद निवासी सेंकी पाठक ने नगर कोतवाली में दर्ज एफआईआर में बताया कि कोठी नबाव साहब निवासी नीरज पाठक लोगों को दुष्कर्म के फर्जी मामलों में फँसाने के लिए संगठित गिरोह चलाता है। यह गिरोह पूर्व में कई व्यापारियों, अफसरों, नेताओं और पूर्व प्रधानाचार्य को अपना निशाना बना चुका है।

यह गिरोह पहले दुष्कर्म की फर्जी तहरीर देता है और फिर रंगदारी वसूलता है। इसके द्वारा एक नाबालिग लड़की की मां से सेंकी पाठक और उसके एक दोस्त के खिलाफ भी सामूहिक दुष्कर्म की फर्जी तहरीर पुलिस को दी गई। इस तहरीर की जब पुलिस कप्तान ने जांच कराई तो पता चला कि इस लड़की की मां इससे पहले जिले के एक बड़े अधिकारी, पूर्व प्रधानाचार्य और कई नेताओं के खिलाफ भी इसी प्रकार की फर्जी तहरीर दे चुकी है।

पिता-पुत्र चलाते हैं गिरोह

इस गंभीर मामले में पिता-पुत्र समेत 5 के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। गिरोह के मुख्य आरोपी नीरज पाठक, उसका बेटा विशाल पाठक, कादिर, रुखसाना और वसीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

एएसपी को सौंपी गई जांच : एसएसपी

बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है। इस प्रकार किसी व्यक्ति पर गैंगरेप की तहरीर देकर रंगदारी वसूलना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूरे मामले की एएसपी के नेतृत्व में जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *