बुलंदशहर : अवैध ईंट भट्ठा बंद, बिना पर्यावरण मंजूरी के चल रहा था
बुलंदशहर के सिकंदराबाद तहसील के गांव दुल्हेरा में एक अवैध ईंट भट्ठे को प्रशासन ने सील कर दिया। राजू कुमार के नाम से चल रहा यह भट्ठा बिना किसी वैध अनुमति और पर्यावरणीय स्वीकृति के संचालित हो रहा था।
डीएम श्रुति के आदेश पर एसडीएम सिकंदराबाद संतोष कुमार सिंह ने कार्रवाई की। मौके पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम के साथ खनन अधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने बताया कि भट्ठे को तुरंत सील किया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ‘प्रदूषण निवारण तथा नियंत्रण अधिनियम 1981’ की धारा 31A के तहत कार्रवाई की। यह कानूनी कार्रवाई उन संस्थानों पर की जाती है जो बिना अनुमति पर्यावरण को नुकसान पहुंचाते हैं।