बुलंदशहर : ऐतिहासिक नुमाइश का शुभारंभ
बुलंदशहर में ऐतिहासिक जिला कृषि, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी (नुमाइश) का रविवार को शुभारंभ हो गया। जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
यह नुमाइश अगले एक माह तक चलेगी, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, कवि सम्मेलन और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। उद्घाटन के दौरान प्रभारी मंत्री डॉ. सक्सेना ने बताया कि यह प्रदर्शनी जिले की पुरानी परंपरा का हिस्सा है। यह लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करती है।
हालांकि, नुमाइश के पहले दिन दुकानों की संख्या कम दिखी। मेले में अभी 50 प्रतिशत से अधिक दुकानें खाली हैं। कई दुकानदारों ने बताया कि अभी सभी दुकानें नहीं लगी हैं और अगले कुछ दिनों में और अधिक दुकानें लगने की उम्मीद है।
आयोजकों का मानना है कि ईद का त्योहार नजदीक होने के कारण शुरुआती दिनों में भीड़ कम है। ईद के बाद नुमाइश में लोगों की संख्या में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। हर साल की तरह इस बार भी झूले, खानपान की दुकानें और मनोरंजन के विभिन्न साधन आगंतुकों को आकर्षित करेंगे।
प्रशासन ने बताया कि मेले में सुरक्षा और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे मेले का पूरा आनंद ले सकें।

