बुलंदशहर : कावंड़ यात्रा के दौरान मांस की दुकानें रहेंगी बंद, शराब की दुकानें ढंककर रखी जाएंगी
बुलंदशहर डीएम श्रुति की अध्यक्षता में श्रावण मास शिवरात्रि, कावंड़ यात्रा और मोहर्रम की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। बैठक में कावड़ यात्रा मार्गों, शिव मंदिरों और गंगा घाटों पर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को एक-दूसरे के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी और सीओ को यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण करने को कहा गया। कांवड़ यात्रा के दौरान मांस की सभी दुकानें बंद रहेंगी। आबकारी विभाग को यात्रा मार्ग की शराब दुकानों को ढंकने और दुकानों पर शराब पीने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई निर्देश दिए गए। गहरे जल में बैरिकेडिंग, संकेतक, गोताखोर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। महिलाओं के लिए कवर्ड चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। खोया-पाया कक्ष, मोबाइल शौचालय और पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।
मोहर्रम जुलूस के लिए भी तैयारियां की जा रही हैं। विभागों को जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने को कहा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि छोटी से छोटी घटना पर तुरंत कार्रवाई की जाए। जनपद स्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूम को हर घटना की सूचना तत्काल दी जाए।
डीएम ने कहा- कांवड़ यात्रा को एक दूसरे के साथ मिलकर सकुशल सम्पन्न कराए डीएम श्रुति ने कहा कि यह हम सभी का दायित्व है कि कांवड़ यात्रा को एक दूसरे के साथ मिलकर सकुशल सम्पन्न कराए। सभी विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एक दूसरे के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। उप जिलाधिकारी, सीओ यात्रा मार्ग का संयुक्त भृमण कर सभी व्यवस्था को पूर्ण करना सुनिश्चित कराए। आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग में आने वाली दुकानों को कवर कराया जाए और चेतावनी दी जाए कि कोई भी दुकान पर मदिरा का सेवन नहीं कराएगा। निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मांस की सभी दुकानें बंद रहेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने निर्देशित करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ व्यवस्था समय से पूर्ण कराते हुए सुनिश्चित कराए। छोटी से छोटी घटना पर तत्काल संज्ञान लेकर उसका निस्तारण करें। इसके साथ ही जनपद स्तर पर बनाये गए कंट्रोल रूम में भी सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए।