बुलंदशहर : फ्लिपकार्ट के वेयरहाउस पर छापा, कई उत्पाद मिले संदिग्ध
बुलंदशहर. टीम ने तहसील सिकन्द्राबाद स्थित फ्लिपकार्ट वेयरहाउस पर भी छापा मारा। यहां से घी (पतंजलि ब्रांड), चिली सॉस, मल्टी सोर्स खाद्य तेल, शहद (एपिस हिमालय ब्रांड) और कच्ची घानी सरसों तेल सहित कुल 5 नमूने एकत्र किए गए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने गुरुवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई होली के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। यह अभियान आयुक्त के निर्देश और जिलाधिकारी के निर्देशन में चलाया जा रहा है।
जनवरी में लिए गए पतंजलि घी के एक नमूने का बिल भी पहले उपलब्ध नहीं कराया गया था। उस नमूने को प्रयोगशाला ने असुरक्षित घोषित किया था। इसी अभियान के तहत एक अन्य टीम ने तहसील प्रशासन के साथ शिकारपुर क्षेत्र में लवकेश स्वीट्स हाउस पर छापेमारी की।
यहां से बर्फी और पनीर के 2 नमूने लिए गए। इसके अतिरिक्त, गांव बीछा में बलवंत डेयरी से दूध का एक नमूना और औरंगाबाद स्थित विशाल के प्रतिष्ठान से दही के 2 नमूने एकत्र किए गए। कुल 9 नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के अनुसार, पूर्व में चलाए गए अभियानों में लिए गए 53 नमूनों की रिपोर्ट भी आ चुकी है। इनमें से 6 नमूने असुरक्षित, 17 अधोमानक (सब-स्टैंडर्ड) और 30 मानक के अनुरूप पाए गए थे। इस छापेमारी अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
वेयरहाउस के स्टोर मैनेजर मौके पर संबंधित खाद्य पदार्थों के बिल प्रस्तुत नहीं कर पाए। उन्होंने बताया कि बिल संबंधी जानकारी कंपनी के हेड ऑफिस से उपलब्ध कराई जाएगी।

