बुलंदशहर : ककोड़ में रास्ते-जमीन विवाद पर हिंसक झड़प
बुलंदशहर, ककोड़ कस्बे में जमीन और रास्ते के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मोहल्ला तेलियान में हुई इस घटना में लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और फावड़े जैसे धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। झड़प में दोनों पक्षों के करीब 7 से 8 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रथम पक्ष की रेखा शर्मा ने ककोड़ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि जमीनी विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष के दर्जनों लोग उनके घर में घुस आए और उनके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और फावड़े से हमला किया, जिसमें परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। रेखा शर्मा के अनुसार, हमले में एक युवती के दोनों पैर टूट गए। उन्होंने महिलाओं के साथ बदसलूकी और मारपीट का भी आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी खुद को पीड़ित बताया है। उनके अनुसार, झड़प में रोहन, किशन, कुंवरपाल और मिथलेश सहित कई लोग घायल हुए हैं। घायल रोहन ने आरोप लगाया कि उस पर फावड़े से जानलेवा हमला किया गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पहले हमला करने और घातक हथियारों के इस्तेमाल का आरोप लगा रहे हैं।
सूचना मिलने पर ककोड़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। थाना प्रभारी पम्मी चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल CCTV वीडियो की भी जांच की जा रही है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, वीडियो में दोनों पक्ष आमने-सामने एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। मारपीट में पुरुषों के साथ कुछ महिलाएं भी शामिल दिखाई दे रही हैं।

