गोली चल जावेगी…सांग पर लखनऊ में फायरिंग
लखनऊ, एक बर्थडे पार्टी में जमकर हर्ष फायरिंग हुई। कुछ युवक पार्टी में बर्थडे ब्वॉय की फ्रेम की हुई एक बड़ी तस्वीर लेकर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे हैं। तेज म्यूजिक पर गोली चल जावेगी…गाना बज रहा और सब खुशी में नाच रहे हैं।
हर्ष फायरिंग का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस सक्रिय हुई। तीसरे दिन बर्थडे ब्वॉय और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। घटना मड़ियाांव थाना क्षेत्र के आईआईएम के भारत लॉन की है।
27 अक्टूबर की रात में अभिषेक सिंह उर्फ बाबू की बर्थडे पार्टी थी। इसी पार्टी में हर्ष फायरिंग की गई। 30 अक्टूबर को वीडियो सामने आया। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि हर्ष फायरिंग में इस्तेमाल किए गए असलहे लाइसेंसी थे या अवैध।
दरअसल, 30 अक्टूबर को 13 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में काफी संख्या में लोग डांस करते दिख रहे हैं। हाथ में असलहा भी है। तेज म्यूजिक पर गोली चल जावेगी…गाना बज रहा और जमकर हर्ष फायरिंग की जा रही।
कुछ लोग हाथ में एडवोकेट अभिषेक सिंह उर्फ बाबू की बड़ी तस्वीर लहरा रहे। वे अपने हाथ में बुके लिए हैं। वीडियो पुलिस तक पहुंची, पूरे महकमे में खलबली मच गई। पुलिस ने वीडियो की पड़ताल शुरू कर दी। पता चला कि वीडियो मड़ियांव थाना क्षेत्र के आईआईएम स्थित भारत लॉन की है।
बताया जा रहा है कि 27 अक्टूबर को एडवोकेट अभिषेक सिंह उर्फ बाबू की बर्थडे पार्टी थी। पार्टी में करीब 200 लोग जुटे हुए थे। केक काटने के दौरान जमकर हर्ष फायरिंग की गई। इस मामले में अजीजनगर चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने अभिषेक सिंह और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने तहरीर में बताया- असलहों से फायरिंग हुई, तो लान और आसपास इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने लान संचालक और स्टाफ से पूछताछ की है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जिन असलहों से फायरिंग हुई, वे लाइसेंसी थे या अवैध।
पुलिस के अनुसार, अभिषेक सिंह उर्फ बाबू अलीगंज के क्यू सेक्टर का रहने वाला है। अभिषेक पहले भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि वह मोबाइल बंद करके फरार है। अन्य साथियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही।

