Crime News

लखनऊ में मुख्यमंत्री का सचिव बनकर ठगी

लखनऊ में खुद को मुख्यमंत्री का सचिव बताने वाले दो लोगों ने युवक को मेडिकल कॉलेज में टेंडर दिलाने का झांसा देकर करीब 3 लाख रुपए ठग लिए। पीड़ित ने IGRS पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद शासन स्तर से जांच के निर्देश दिए गए हैं।

पीड़ित राकेश कुमार यादव के मुताबिक, अशोक कुमार मिश्रा और विजेंद्र प्रताप सिंह नाम के लोगों ने उसे भरोसे में लिया। आरोपियों ने कहा कि उनकी पहुंच मुख्यमंत्री कार्यालय तक है और वह कानपुर मेडिकल कॉलेज में टेंडर दिलवा देंगे। इसी झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में 2 लाख रुपए नकद और 99,999 रुपए गूगल-पे से दे दिए।

जेल भिजवाने की धमकी दी

पीड़ित का आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे। करीब तीन महीने बाद भी जब टेंडर नहीं मिला तो उसने रकम वापस मांगी। इस पर आरोपियों ने धमकाते हुए कहा कि ज्यादा दबाव बनाया तो मुख्यमंत्री कार्यालय से फोन कराकर जेल भिजवा देंगे।

पुलिस आयुक्त को जांच के निर्देश

मामले की शिकायत IGRS के जरिए की गई। शिकायत का संज्ञान लेते हुए अपर मुख्य सचिव स्तर से लखनऊ पुलिस आयुक्त को जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *