यूपी में 10 दिसंबर के बाद बढ़ेगी ठिठुरन
यूपी में 10 दिसंबर के बाद पारा तेजी से गिरेगा। पश्चिमी यूपी से लेकर तराई क्षेत्र तक धुंध और ठंड बढ़ेगी। महीने के आखिरी 10 दिन सबसे ठंडे रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार दिसंबर में ठंड देर से शुरू होगी। लेकिन, महीने के आखिरी में अपना असर जरूर दिखाएगी।
यूपी में फिलहाल मौसम कैसा है? किस साल सबसे ज्यादा ठंड पड़ी थी? इस बार दिसंबर में न्यूनतम तापमान कितना रह सकता है? खेती-किसानी पर इसका क्या असर पड़ेगा?
यूपी में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई। लेकिन, कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। बलिया 8°C न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। नोएडा-गाजियाबाद की हवा एक बार जहरीले स्तर पर पहुंच गई। हालांकि, दिन बढ़ने के साथ धूप ने लोगों को राहत दी।
यूपी के ज्यादातर जिलों में दिसंबर की शुरुआत में दिन का तापमान सामान्य के करीब रहेगा। रात में हल्की ठंड महसूस होगी, लेकिन न्यूनतम तापमान में खास गिरावट नहीं दिखेगी। हालांकि, 10 दिसंबर के बाद ठंड बढ़नी शुरू होगी। सुबह-शाम की हवाएं सर्द होंगी। पश्चिमी और तराई क्षेत्रों में धुंध की हल्की परत दिख सकती है। दिसंबर के आखिरी 10 दिन सबसे ठंडे रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, कई जिलों में न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे जा सकता है। पश्चिमी यूपी, लखनऊ, मेरठ, बरेली और गोरखपुर मंडल में घने कोहरे से यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी का औसत दैनिक तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। गर्मियों में अधिकतम औसत तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच जाता है। वहीं, ठंड में अधिकतम औसत तापमान 20 से 25 या 26 डिग्री सेल्सियस तक रहता है।
ठंड में औसत न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच होता है। यहां ध्यान रखना जरूरी है कि पूरे भारत का भूगोल एक जैसा नहीं। इस वजह से तापमान को लेकर भी अलग-अलग कैटेगरी हैं। पूरे देश की बात करें, तो सामान्य तापमान -2°C से 40°C के बीच होता है।

