सुल्तानपुर में इंस्टाग्राम से ₹1.37 लाख की साइबर ठगी
सुल्तानपुर , जागरूकता के बाद भी लोग साइबर ठगो के झाँसे में आकर फंस जा रहे हैं और ठगी का शिकार होने के बाद पुलिस की चौखट पर शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। अब सुल्तानपुर से ताजा मामला फिर सामने आया है।
यहां एक महिला को इंस्टाग्राम पर झांसा देकर 1.37 लाख रुपये की ठगी की गई है। ठग ने लालच देकर यूपीआई के माध्यम से कई बार में यह रकम अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली।
कोतवाली नगर के लक्ष्मणपुर कॉलोनी, निवासी पीड़ित कोमल सिंह ने इस संबंध में साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि ‘ViperguptaUK’ नामक इंस्टाग्राम आईडी से 12 जनवरी 2025 से उनसे चैट की जा रही थी।
ठग ने प्रलोभन देकर कोमल सिंह से 17 जनवरी 2025 को 2,000, 18,000, 15,000 और 15,000 रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके बाद 18 जनवरी 2025 को 18,000, 2,000, 20,000 और 27,000 रुपये तथा 19 जनवरी 2025 को 20,000 रुपये यूपीआई के विभिन्न बार कोड्स के जरिए जमा करवा लिए गए। कुल मिलाकर 1,37,000 रुपये की ठगी की गई।
इंस्पेक्टर साइबर क्राइम आलोक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

