google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Live News

लखनऊ में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, 275 यात्री थे

उत्तर प्रदेश के लखनऊ एयरपोर्ट से सऊदी अरब जा रहे एक विमान की शुक्रवार को इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में उड़ान के कुछ समय बाद तकनीकी दिक्कत आ गई थी।

सूत्रों के मुताबिक, जब विमान मुंबई के पास पहुंचा, तब केबिन प्रेशर में समस्या आ गई। इसके चलते कुछ यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। हालात देखते हुए पायलट ने पहले मुंबई एयरपोर्ट से संपर्क कर लैंडिंग की अनुमति मांगी, लेकिन वहां से परमिशन नहीं मिली।

इसके बाद पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया। लखनऊ से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मिलते ही विमान वापस लौट आया। करीब 82 मिनट में विमान सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा।

यह विमान सऊदिया अरबिया एयरलाइंस का था। फ्लाइट नंबर SV-891 जेद्दा जा रही थी। विमान में 275 यात्री, 4 पायलट और 6 क्रू मेंबर सवार हैं।

तकनीकी खराबी दूर की जा रही

जानकारी के मुताबिक, विमान का तय समय दोपहर 12:05 बजे था, लेकिन यह 12:23 बजे उड़ान भर सका। दोपहर करीब 1:45 बजे विमान को बीच रास्ते से वापस लाना पड़ा। फिलहाल विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़ा है। यात्रियों को अभी विमान से उतारा नहीं गया है। तकनीकी खराबी दूर करने के लिए इंजीनियरों की टीम काम कर रही है।

क्या है केबिन प्रेशर…

विमान में केबिन प्रेशर आर्टिफिशियल एयर प्रेशर है, जिसे हवाई जहाज के अंदर बनाए रखा जाता है। इससे जब विमान 30,000 से 40,000 फीट की ऊंचाई पर होता है तब भी लोगों को सांस लेने में दिक्कत नहीं होती। केबिन प्रेशर उस ऊंचाई में भी 6,000-8,000 फीट की ऊंचाई के बराबर वाला एयर प्रेशर बनाकर रखता है। इससे यात्री आसानी से सांस लेते रहते हैं।

इसी एयरलाइंस के विमान में लैंडिंग के वक्त चिंगारी निकली थी

15 जुलाई 2025 को सऊदिया अरबिया एयरलाइंस के ही विमान में लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान खराबी आ गई थी। पहियों के पास से चिंगारी निकलने लगी थी। फ्लाइट एसवी-3112 की लैंडिंग के दौरान पहिए से चिंगारी और धुआं निकलने लगा। पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए विमान को रोक दिया। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को सूचना दी। इस दौरान विमान में 242 हजयात्री बैठे हुए थे।

सूत्रों ने बताया कि विमान की लैंडिंग के समय पायलट ने उसके पहिये खोलकर विमान को रनवे पर उतारा, तभी उसके बाएं तरफ के पहिए में खराबी आ गई। यह खराबी हाइड्रोलिक सिस्टम में अचानक लीकेज होने की वजह से बताई जा रही है। इसी से तेज धुएं के साथ चिनगारी उठने से वहां हड़कंप जैसी स्थिति बन गई।

अगर यह खराबी विमान के टेकऑफ के समय हो जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूत्रों ने बताया कि हज यात्रियों की वापसी के दौरान सऊदी अरबिया एयरलाइंस का विमान जेद्दा से हज यात्रियों को लेकर यहां आता है, लेकिन यहां से बिना यात्रियों के ही वापस खाली ही जाता है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *