Politics

एटा पुलिस ने कांग्रेसियों को किया हाउस अरेस्ट, पूर्व सांसद सत्या-घर के बाहर धरने पर बैठी

एटा में पुलिस ने लखनऊ विधानसभा का घेराव करने जा रहे कांग्रेसियों को रोक लिया। इस दौरान गुस्साए कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब दो दर्जन कांग्रेसी नेताओं, जिनमें पूर्व राज्य सभा सांसद सत्या भी शामिल हैं, को लखनऊ जाने से रोक दिया गया।

कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आवाह्न पर प्रदेश भर के कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता लखनऊ विधानसभा का घेराव करने के लिए एकत्रित हो रहे थे। कांग्रेसी नेताओं की योजना के अनुसार, आज सैकड़ों कार्यकर्ता और नेता लखनऊ के लिए निकलने वाले थे। जैसे ही इसकी जानकारी एटा पुलिस प्रशासन को मिली, उन्होंने पूर्व राज्य सभा सांसद सत्या बहन के आवास पर कांग्रेसी नेताओं को रोक लिया। पुलिस ने सत्या बहन, कांग्रेस पार्टी के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अनिल सोलंकी और सदस्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अरविंद सोनी समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

पुलिस द्वारा रोकने के बाद कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, और प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने “योगी जब जब डरता है, पुलिस को आगे करता है” जैसे नारे लगाए। एटा के पुलिस प्रशासन ने अलीगंज, एटा और अन्य स्थानों पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को लखनऊ जाने से रोका।

पुलिस प्रशासन ने भारी संख्या में कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को लखनऊ जाने से रोका और जिले भर में उनकी धरपकड़ की। इसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने सत्या बहन के आवास के बाहर धरने पर बैठकर विरोध जताया।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *