कलयुगी नाना ने किशोरी को अगवा करके किया दुष्कर्म
कानपुर के सचेंडी में कलयुगी नाना ने रिश्तों को शर्मशार करते हुए अपने भांजे की नाबालिग बेटी को अगवा कर लिया। उसे कौशांबी में बंधक बनाकर रखा और दुष्कर्म किया। सचेंडी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद आरोपी नाना को अरेस्ट कर लिया। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
नाबालिग से शादी रचाने की फिराक में था नाना
सचेंडी के एक गांव में रहने वाले परिवार ने 20 नवंबर 2024 को सचेंडी थाने में 17 साल की नाबालिग बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। किशोरी के पिता ने आरोप लगाया था कि उनके परिवार के साथ में ही रहने वाला बिधनू के सिंहपुर कठारा निवासी उसका मामा राजकुमार उनकी नाबालिग बेटी को अगवा कर ले गया था। सचेंडी पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से किशोरी को 13 दिसंबर को कौशांबी जिले से बरामद कर लिया था। किशोरी ने बताया कि नाना ने उसे अगवा करने के बाद कौशांबी के एक मकान में बंधक बनाकर रखा था। उसके साथ दुष्कर्म भी किया। शादी रचाने के लिए दबाव बना रहा था।
सचेंडी पुलिस ने मंगलवार को आरोपी नाना राजकुमार को मुखबिर की सूचना पर भीमसेन रेलवे स्टेशन के पास से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में घटनाक्रम को कबूला है। सचेंडी थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। एफआईआर में रेप और पाक्सो समेत अन्य धाराएं बढ़ाकर आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।