यूपी में धुंध छाई, 2 दिन बाद बिगड़ेगा मौसम
यूपी में मऊ, देवरिया समेत 10 शहरों में घनी धुंध छाई हुई है। कई जगह विजिबिलिटी 30 मीटर तक सिमट गई है। कुछ सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। मौसम विभाग के मुताबिक, ठंडी हवाओं और नमी की वजह से धुंध और घनी हो सकती है।
18 साल बाद मार्च के महीने में धुंध की स्थिति बनी है। इससे पहले 2008 में ऐसे हालात बने थे। अगले 2 दिन में हालात और बिगड़ सकते हैं। धुंध ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। बुधवार को लखनऊ में विजिबिलिटी कम होने के चलते 6 फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं।
प्रदेशभर में 4 सड़क हादसे भी हुए। इसमें 9 गाड़ियां भिड़ गईं। 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए। धुंध के बीच गर्मी ने भी तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बांदा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.8°C दर्ज किया गया।
इसके अलावा झांसी, आगरा, उरई और हमीरपुर में पारा 37°C के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने 2 दिन बाद यानी 15 मार्च से प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। 30 किमी की स्पीड से हवाएं चलेंगी।
मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- 2008 में भी मार्च में धुंध जैसे हालात बने थे। यह सामान्य मौसमी घटना है। ग्लोबल वार्मिंग की वजह से तापमान में आने वाले ये उतार-चढ़ाव भविष्य में खेती, स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। सूरज चढ़ने के साथ कोहरा छंट तो गया है, लेकिन यह अपने पीछे जलवायु संरक्षण के लिए कई गहरे सवाल छोड़ गया है।

