गढ़ाकोटा : भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ 27वां ऐतिहासिक हनुमान जन्मोत्सव
गढ़ाकोटा – नगर में श्री संकटमोचन हनुमान जन्मोत्सव का 27वां ऐतिहासिक एवं भव्य आयोजन गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। शाम 6 बजे मिश्रा मंदिर से प्रारंभ हुई विशाल शोभायात्रा श्री सिद्ध बालाजी मंदिर पहुंची, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा में विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने आकर्षक धार्मिक झांकियों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बाहुबली हनुमान, सीता स्वयंवर एवं अयोध्या के रामलला की झांकियों ने श्रद्धालुओं का विशेष आकर्षण केंद्र बनकर सभी का मन मोह लिया। पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
नगरवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।
यह आयोजन श्री संकटमोचन हनुमान जन्मोत्सव समिति एवं रियल हेल्थ क्लब परिवार, गढ़ाकोटा के तत्वावधान में किया गया। समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन ने एक बार फिर नगर में धार्मिक आस्था, एकता और सामाजिक सौहार्द की प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की

