गोंडा : एक लाख का इनामी सोनू पासी मारा गया
गोंडा में पुलिस ने 1 लाख के इनामी बदमाश को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख उसने फायरिंग कर दी। एक गोली SHO नरेंद्र राय की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए।
जवाबी फायरिंग में बदमाश के सीने में दो गोलियां लग गईं। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बदमाश की पहचान सोनू उर्फ भुर्रे पासी के रूप में हुई है। मुठभेड़ करीब 45 मिनट चली।
इस दौरान बदमाश ने 12 तो पुलिस ने 8 राउंड फायरिंग की। सोनू पासी ने 24 अप्रैल को गोंडा के बेगमगंज में चोरी के दौरान एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। मुठभेड़ बेगमगंज थाना क्षेत्र में हुई। सोनू पासी परसपुर थाना का हिस्ट्रीशीटर था।
फरवरी 2021 में पुलिस ने सोनू पासी को गिरफ्तार किया था। हालांकि, कुछ महीनों बाद वह जमानत पर जेल से बाहर आ गया। तब से वह फरार चल रहा था। सोनू के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती जैसे 48 से ज्यादा मुकदमे अयोध्या, बहराइच, बस्ती और आसपास के जिलों में दर्ज थे। 20 दिन पहले उस पर एक लाख का इनाम घोषित हुआ था।
SP विनीत जायसवाल ने बताया-सोनू सोमवार देर रात सनौली गांव के पास एक और वारदात की फिराक में था। मुखबिर की सूचना पर उसे पकड़ने के लिए उमरी-बेगमगंज, खोडारे पुलिस और एसओजी की टीमों ने इलाके में सर्च अभियान चलाया।
रात 12:15 बजे सोनू बिना नंबर की बाइक से जा रहा था। पुलिस ने उसे रोका तो उसने बाइक की स्पीड और बढ़ा दी। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख सोनू ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली थानाध्यक्ष नरेंद्र राय की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली सोनू के सीने में लग गई। पुलिस गाड़ी से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर लाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। करीब 45 मिनट तक मुठभेड़ चली।
उसके पास से एक बिना नंबर की बाइक, पिस्टल और तमंचा बरामद हुआ है। एडीजी गोरखपुर जोन ने 30 अप्रैल को उस पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।
थानाध्यक्ष उमरी-बेगमगंज नरेंद्र राय ने बताया- मुठभेड़ 12:15 से 1:00 बजे तक चली। इस दौरान आरोपी ने मुझ पर फायरिंग कर दी। गोली मेरे बुलेटप्रूफ जैकेट पर सीने के पास आकर लगी और जैकेट में फंस गई। इसके बाद हमने घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के सीने में दो गोलियां लगीं।