गोरखपुर : ठेकेदार ने BSC छात्र को 7 गोलियां मारीं
गोरखपुर में ठेकेदार ने बीएससी स्टूडेंट को पिस्टल से पीठ में 7 गोलियां मारीं। 2 गोलियां कंधे को छूकर निकल गईं। जबकि पांच गोलियां अंदर धंस गईं। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। घरवालों ने छात्र को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
छात्र ने आरोपी को अपने घर में ताकझांक करने से रोका था। इससे वह गुस्सा था। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया। उसने बताया- यूट्यूब से मर्डर करने वाले वीडियो देखे। इसके बाद हत्या करने की प्लानिंग की थी। घटना रामगढ़ताल थाना क्षेत्र की है।
रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के रहने वाले मनोज कुमार मौर्य किसान हैं। उनका महराजगंज जिले के नौतनवां में भी घर है। जहां खेती करते हैं। बताया- घर पर मेरे तीन बच्चे एक बेटा अमन और 2 बेटियां रहती हैं। मेरे पिता आर्मी से रिटायर हैं।
22 सितंबर को मैं खेत देखने नौतनवां गया था। सोमवार रात करीब 8 बजे मेरा बेटा अमन घर से बाहर निकला। घर से 400 मीटर दूरी पर ही अमन पहुंचा था। तभी पड़ोस में रहने वाले प्रशांत सिंह पिस्टल लेकर आया। अमन पर पीछे से गोलियां चलाने लगा।
घटना के बाद वह अपने घर के अंदर जाकर छिप गया। अमन घायल होकर सड़क पर गिर गया। उसने थोड़ी दूरी पर रहने वाले चाचा रवि को कॉल कर गोली लगने की सूचना दी थी।
फिर रवि ने मुझे जानकारी दी। अमन को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसके पीठ पर पांच गोलियां फंसी थीं। जबकि 2 उसके कंधे को छूकर निकल गईं थीं। डॉक्टर ने पांचों गोलियां बाहर निकाल दी है। घटना के बाद रामगढ़ताल पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले आरोपी आजमगढ़ निवासी प्रशांत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस को पिस्टल और एक मोबाइल मिला। मोबाइल की जांच करने पर पता चला कि आरोपी ने कई बार गूगल पर सर्च कर गोली मारने की घटना से संबंधित न्यूज खोलकर पढ़ा था।
इस बारे में पुलिस ने प्रशांत से पूछताछ की तो उसने बताया- गोली मारने के बाद क्या हो सकता है, यह जानने के लिए कई दिनों से वह गूगल पर ऐसी खबरें पढ़ रहा था। अमन ने उसे डांट फटकार लगाते हुए कहा था कि घर में ताक-झांक करोगे तो इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। उस दिन से ही यूट्यूब देखकर अमन को मारने का प्लान बना रहा था।
पुलिस ने बताया- आरोपी प्रशांत सिंह (30) ट्रेडिंग का काम करता है। साथ ही कई विभागों में ठेकेदारी भी करता है। इस संबंध में एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया- आरोपी के पास से पिस्टल को बरामद कर लिया गया है। आरोपी का काफी दिनों से बगल में रहने वाले अमन से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण ही आरोपी ने अमन की जान लेने के लिए गोली मारी। घायल का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।