गोरखपुर : पति को गर्लफ्रेंड के साथ होटल में पकड़ा, पति को जड़े थप्पड़
गोरखपुर में एक पति जॉब का बहाना बनाकर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल में था। पत्नी को भनक लगी तो वह होटल में पहुंच गई। वह इंतजार करती रही। करीब डेढ़ घंटे बाद पति अपनी गर्लफ्रेंड का हाथ पकड़े बाहर निकला।
होटल गेट पर पहुंचते ही इंतजार कर रही पत्नी अपने पति के गर्लफ्रेंड पर टूट पड़ी। चिल्लाते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। बाल नोंचकर मारने लगी। पति अपनी पत्नी से गर्लफ्रेंड को बचाने में लगा था लेकिन पत्नी भारी पड़ रही थी। देखते ही देखते काफी भीड़ इकट्ठा हो गई।
किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई समझने को तैयार नहीं था। पुलिस युवक और उसकी गर्लफ्रेंड को थाने लेकर आई। थाने में भी करीब दो घंटे तक पंचायत चली। पुलिस ने पत्नी से तहरीर मांगी लेकिन उसने नहीं दी।
तहरीर के अभाव में कोई केस दर्ज नहीं हुआ। पुलिस ने युवक और उसकी गर्लफ्रेंड को छोड़ दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। घटना थाना गीडा इलाके की है।
खजनी क्षेत्र में रहने वाली युवती की शादी 3 साल पहले क्षेत्र के ही युवक से हुई थी। उनकी एक डेढ़ साल की एक बच्ची भी है। युवक प्राइवेट जॉब करता है। परिजन ने बताया कि युवती शादी के बाद से ही अपने पति पर शक करती थी।
पत्नी ने कहा-पति हमेशा मोबाइल से किसी से बात करने में लगा रहता था। कई बार तो उसके मोबाइल पर एक लड़की की फोटो और वॉट्सऐप चैट भी उसने देखा था। पति से सवाल करने पर लड़ने को तैयार हो जाता था।
हमेशा कहता था कि कोई प्रूफ लेकर आना तब कुछ कहना। बोलता था- हमेशा शक करती हो, तुम्हें कोई बीमारी है। यही कहकर उसके साथ ही ससुराल वाले चुप करा देते थे। लेकिन मेरा मन मानने काे तैयार नहीं था।
पति रात को देर तक बाहर जाकर किसी से बात करता रहता था। बोलता था कि काम के सिलसिले में रात तक बात करनी पड़ती है। उसने बताया कि पति प्राइवेट कंपनी में काम करता है। हमेशा काम के सिलसिले में टूर का बहाना बनाकर कई-कई दिनों तक घर से बाहर भी रहता था। उसकी बातों पर मुझे यकीन नहीं होता था।
होटल के सामने 45 मिनट तक चला हंगामा
पत्नी ने बताया कि शुक्रवार को उसे पता चला कि पति एक होटल में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ है। वह सुबह साढ़े दस बजे ही नौसड़ स्थित उस होटल में पहुंच गई। होटल वालों से पूछा तो वे लोग बताए नहीं। हालांकि, होटल मैनेजर ने कहा- आपको ऐसा लगता है कि आपके पति होटल में आए हैं, तब आप बाहर बैठकर इंतजार करें। कोई भी होगा गेट से ही बाहर निकलेगा।
गर्लफ्रेंड का हाथ पकड़े होटल से निकला पति
पत्नी इंतजार करने लगी। उसने अपने मायके फोन कर कुछ लोगों को भी बुला लिया। दोपहर करीब 12 बजे उसने देखा कि पति एक युवती का हाथ पकड़े बाहर निकल रहा है। होटल के बाहर गेट पर पहुंचते ही पत्नी अपने पति और गर्लफ्रेंड पर चिल्ला उठी। पति का हाथ पकड़े युवती के पास पहुंची और उस पर थप्पड़ बरसाने लगी।
पत्नी को देख पति कुछ बोल नहीं पा रहा था। हालांकि, वह पत्नी से अपनी गर्लफ्रेंड को बचाने लगा। लेकिन तबतक महिला उस युवती के बाल पकड़कर मारना शुरू कर दी।
लड़ाई झगड़ा देख आस-पास से लाेग बीच बचाव में आ गए। लेकिन पत्नी मानने को तैयार नहीं थी। वह रोती-चिल्लाती रही। कई बार बीच-बचाव कर रहे पति को भी थप्पड़ मारे। इसी बीच किसी ने डॉयल 112 पर कॉल कर दी।
पुलिस पहुंची और दोनों को समझाने का प्रयास किया। पत्नी अपने पति पर चिल्लाती रही। कहा-युवती उसका घर तोड़ रही है। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने युवक और उसकी गर्लफ्रेंड को गाड़ी में बैठाकर थाने लाई।
थाने में भी करीब दो घंटें तक पंचायत चली लेकिन कोई हल नहीं निकला। पति-पत्नी झगड़ते रहे। पुलिसिया कार्रवाई के लिए पत्नी कोई तहरीर भी नहीं दे रही थी। आखिरकर पुलिस ने सभी पक्षों को घर जाने दिया।
नौसड़ चौकी इंचार्ज ने बताया- महिला से तहरीर मांगी गई थी। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच करके मुकदमा दर्ज किया जाएगा। युवक की गर्लफ्रेंड बालिग है। वह खजनी क्षेत्र में ही रहती है। उसके घरवालों को भी इस बारे में सूचना दे दी गई है।