हरदोई : सपा नेता बोले- हनुमान चालीसा सिर्फ बेवकूफ बनाने का तरीका
हरदोई में सपा के प्रदेश सचिव यदुनंदन लाल वर्मा ने भगवान राम और उनकी मां पर बेहद अभद्र टिप्पणी की। कहा- जब तक राजनीतिक ताकत हमारे हाथ में नहीं होगी, तब तक दुख-कठिनाइयां हनुमान चालीसा से खत्म नहीं होगी। महावीर जब नाम सुनावै, रोग-दोष जाके निकट न आवै…ये सब केवल बेवकूफ बनाने का तरीका है।
इसके बाद सियासी बवाल मचा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा- इसका जवाब जनता देगी। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने सपा नेता को घटिया और गंदा आदमी कहा। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने इसे सपा की साजिश करार दिया।
मामला तूल पकड़ने के बाद सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा की प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दी गई है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर FIR दर्ज कर सपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है।
हरपालपुर थाना क्षेत्र में 27 मार्च को सपा के प्रदेश सचिव यदुनंदन लाल पर एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत में बताया गया कि एक सार्वजनिक सभा के दौरान सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी की है।
उन्होंने वाल्मीकि रामायण का संदर्भ देते हुए भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और भीड़ को भड़काने का प्रयास किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ।
सपा नेता यदुनंदन लाल ने क्या कहा था…
अश्व माने घोड़ा, मेध यानी काटना। अंत में घोड़े की बोटी काट-काटकर यज्ञ में आहुति दी जाती थी। इससे इसका नाम अश्वमेध यज्ञ था। आज धर्म के नाम पर … बनाया जा रहा है। जब तक हम इस अंधविश्वास और आडंबर में फंसे रहेंगे, हम कभी आगे बढ़ने वाले नहीं हैं।
केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा- यह सपा की सनातन और हिंदुत्व के खिलाफ साजिश है। वो केवल मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण, तुष्टिकरण, संतुष्टिकरण के लिए ऐसा करते हैं। वाल्मीकि जी की रचना पर किसी ने कभी कोई टिप्पणी नहीं की।
आज सपा का प्रदेश जनरल सेक्रेटरी इतना विद्वान हो गया है कि महर्षि वाल्मीकि, तुलसीदास जी से भी ज्ञानी है। प्रदेश जनरल सेक्रेटरी को इतना ही शौक है, तो इस्लाम और कुरान शरीफ पर कमेंट करके दिखाएं। उन्हें पता चल जाएगा।
हरदोई के सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली ने बताया कि वीडियो मेरे संज्ञान में आया है। यदुनंदन लाल वर्मा ने इस तरीके से हिंदू देवी-देवताओं पर एक अनर्गल बयान दिया है, जिसकी समाजवादी पार्टी निंदा करती है।

