Latest

कानपुर : बूढ़ों को जवान बनाने वाली मशीन का सच:पति-पत्नी ने कबाड़ से बनाई, कीमत 25 करोड़ बताई, बोले-मोदी भी इससे थेरेपी लेते हैं

Share News

कानपुर में बूढ़ों को जवान बनाने के नाम पर 35 करोड़ से ज्यादा की ठगी 1 साल से चल रही थी। जालसाजी के लिए राजीव और रश्मि PM नरेंद्र मोदी तक के नाम का भी इस्तेमाल करते थे। जिम में आने वाले लोगों से पूछते थे कि मोदीजी इतने ऊर्जावान कैसे रहते हैं? 24 में से 20 घंटे काम कैसे करते हैं? उनका चेहरा हमेशा ग्लो करता है। इसके पीछे इजराइल की टाइम मशीन का कमाल है। ऑक्सीजन थेरेपी लेकर मोदीजी ने अपनी उम्र घटा ली है।

जिम चलाने वाले दंपती ने जवान बनाने का झांसा देकर 50 हजार से 2 लाख रुपए तक ठगे। नेटवर्क मार्केटिंग के फंडे पर 500 से ज्यादा लोगों को जोड़ा। इजराइल की टाइम मशीन से इलाज भी कर दिया। इनमें कई केस ऐसे हैं, जिनके चेहरे जल गए हैं। सफेद निशान पड़ गए हैं। मामला सामने आने पर पता चला कि ठग दंपती जिस मशीन को इजराइल की टाइम मशीन बता रहे थे। वह 25 करोड़ की नहीं, सिर्फ 2.5 लाख रुपए का कबाड़ जोड़कर तैयार करवाई गई थी।

रेनू सिंह चंदेल ने बताया- स्वरूपनगर के प्रभु महिला अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-10 में राजीव कुमार दुबे और उसकी पत्नी रश्मि दुबे एनी टाइम जिम की फ्रेंचाइजी चलाते थे। दंपती ने नामी जिम की फ्रेंचाइजी लेकर लोगों पर विश्वास जमाया। जिम के ऊपर सेकेंड फ्लोर पर रिवाइवल वर्ड नाम से ऑफिस बना लिया।

कुछ महीने पहले राजीव दुबे ने फोटो और वीडियो दिखाकर लोगों को एक प्लान बताया। इसमें कहा कि इजराइल के वैज्ञानिकों ने एक ऐसी रिसर्च की है, जिसमें 64 साल से ज्यादा 35 लोगों को एक प्रेसराइज चैम्बर में हफ्ते में 5 दिन शुद्ध आक्सीजन दी जाती थी।

3 महीने बाद इसके चौंकाने वाले रिजल्ट आए, इन लोगों के ऑर्गन और स्किन 25 साल के लड़कों की तरह हो गई। इसी तरह के वीडियो दिखाकर दंपती ने लोगों में थेरेपी को लेकर भरोसा पैदा किया।

दंपती ने नेटवर्क मार्केटिंग की तरह लोगों को ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने का झांसा दिया। लोगों को समझाया कि आप जितने कस्टमर थेरेपी के लिए लाएंगे, उतना कमीशन मिलेगा। दंपती झांसा देते थे कि शुरुआती ऑफर में कीमतें कम हैं। 1 साल बाद 90 हजार वाली स्कीम 3 लाख रुपए की हो जाएगी। अगर कोई व्यक्ति पूरी थेरेपी नहीं लेता है, तो कंपनी 1 साल बाद एडवांस के पूरे पैसे वापस कर देगी।

नेटवर्क मार्केटिंग में पहले व्यक्ति पर 10%, दूसरे पर 5%, तीसरे पर 4%, चौथे पर 3% और पांचवें पर 2% और फिर चाहे कितने भी जोड़ो 1% कमीशन मिलता रहेगा। 50 ID एक साथ लेकर आने वालों को गिफ्ट हैम्पर दिए जाने का सिस्टम बनाया गया था।

स्वरूप नगर के ही साईं वाटिका अपार्टमेंट में रहने वाली रेनू सिंह चंदेल और उनके नजदीकी सबसे पहले इस ठग के झांसे में आए। शातिर राजीव दुबे और उसकी पत्नी रश्मि दुबे के झांसे में आकर रेनू ने 150 आईडी यानी इतने लोगों को ऑक्सीजन थेरेपी का प्लान बेचा। रेनू चंदेल ने अपने और नजदीकियों के नाम पर 18.50 लाख रुपए दंपती को दिलाए।

यह सिर्फ 1 मामला है, जवान बनने की चाहत में इस ऑफिस के बाहर लंबी लाइन लग गईं। अभी तक जो लोग सामने आए हैं, ऐसे 500 से ज्यादा लोगों से 35 करोड़ की जालसाजी सामने आ चुकी है। रेनू की FIR के बाद 20 और लोगों ने पुलिस में शिकायत की है। रेनू ने कहा- यह मशीन रायपुर रनिया (कानपुर) के मोहक गुप्ता से बनवाई गई। टैंकरनुमा लोहे की बॉडी खरीदकर उसमें 10 कुर्सियां वेल्ड करवा दी गईं। एक नकली प्लांट तैयार किया गया। ऑक्सीजन देने की व्यवस्था की गई। लोगों से कहा- यह एचवाट (हाइपरबेरिक ऑक्सीजन थेरेपी) मशीन इजराइल के वैज्ञानिकों ने बनाई है। धर्मेन्द्र कुमार ने कहा- हम लोगों को तस्वीर में इजराइल की मशीन दिखाई गई। हमें मशीन से संबंधित न्यूज चैनल का इंटरव्यू दिखाया। राजीव दुबे ने बताया कि इस मशीन का इस्तेमाल बड़े-बड़े एक्टर और क्रिकेटर करते हैं। खिलाड़ियों को इंजरी हो जाती है, वो तुरंत क्यों सही हाे जाते हैं। ये सब इस मशीन की थेरेपी से ही संभव होता है। तभी हम लोगों को लगा कि यह थेरेपी लेनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *