खुर्जा : सिद्धेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब
खुर्जा। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रविवार को नगर के ऐतिहासिक सिद्धेश्वर मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच हजारों कावड़ियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धेश्वर का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ कमाया।
मंदिर के कपाट खुलते ही दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई। देर रात से ही जल चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो गया था। देखते ही देखते मंदिर परिसर से बाहर दूर तक लंबी कतारें लग गईं। अपनी बारी का इंतजार कर रहे भक्त घंटों लाइन में डटे रहे। इस दौरान कई कावड़िये दंडोति (लेटकर) लगाते और डाक कावड़ लाते हुए भी दिखाई दिए, जो आकर्षण का केंद्र रहे।
श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष के शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, शहद, घी और दही से पंचामृत अभिषेक किया। इसके अतिरिक्त, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प आदि अर्पित कर बाबा का विधि-विधान से पूजन किया और सुख-समृद्धि की कामना की। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
मंदिर के हर कोने और भीड़ वाले रास्तों पर पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, नगरपालिका परिषद द्वारा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई एवं पार्किंग की व्यवस्था की गई। मंदिर सेवादारों ने भी व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग दिया।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर मार्ग पर एक छोटे मेले का आयोजन किया गया। दर्शन के पश्चात श्रद्धालुओं, विशेषकर बच्चों और महिलाओं ने मेले का जमकर आनंद लिया।

