खुर्जा : बिना अनुमति जुलूस निकालने पर ग्राम प्रधान अनिल उर्फ बब्बन पर FIR
खुर्जा तहसील क्षेत्र में बिना अनुमति जुलूस और मार्च निकालने के आरोप में ग्राम प्रधान अनिल उर्फ बब्बन समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई खुर्जा कोतवाली में की गई है।
खुर्जा कोतवाली में तैनात एसएसआई नितीश भारद्वाज ने अपनी तहरीर में बताया कि 7 फरवरी को गांव मदनपुर के ग्राम प्रधान अनिल उर्फ बब्बन अपने साथियों के साथ जेवर मार्ग पर एकत्र हुए थे।
उन्होंने तहसीलदार खुर्जा द्वारा दर्ज मुकदमे को खत्म कराने के लिए दबाव बनाने हेतु तहसील दिवस के दिन जानबूझकर पैदल मार्च निकालने और तहसील पर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की थी।
पुलिस द्वारा बिना अनुमति जुलूस और मार्च न निकालने के लिए समझाने के बावजूद, वे पंचवटी बंबे पर एकत्र हुए और खुलेआम प्रशासन को आपराधिक धमकी दी।
लाउडस्पीकर के माध्यम से तहसील जाने का ऐलान किया गया, जिससे अधिकारियों को तहसील दिवस छोड़कर आना पड़ा और तहसील दिवस का कार्य प्रभावित हुआ।
इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत अन्य वाहनों को सड़क पर खड़ा करने से जाम लग गया, जिसमें एंबुलेंस और स्कूल बसें भी फंस गईं। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने ग्राम प्रधान अनिल उर्फ बब्बन समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, ग्राम प्रधान अनिल का कहना है कि प्रशासन अधिकारी को बचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसान हर हाल में जांच करवाकर रहेंगे।
प्रधान के अनुसार, पंचायत में 15 दिन का समय मांगा गया था, और यदि जांच नहीं हुई तो 25 फरवरी को फिर से प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसान इस मुकदमे से डरने वाले नहीं हैं।

