Crime News

लखनऊ : सिपाही ने लड़की को छत से नीचे फेंका, मां बोली- रीढ़ की हड्‌डी टूटी

लखनऊ के बीबीडी इलाके में 16 साल की लड़की को छत से धक्का दिया गया है। लड़की के परिवार का आरोप है कि सिपाही दंपती ने लड़की को नीचे फेंका है। उसकी रीढ़ की हड्‌डी टूट गई है। उसका गंभीर स्थिति में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उपचार चल रहा है। लड़की की मां का आरोप है कि सिपाही मुकेश यादव बेटी के साथ छेड़खानी करता था। उन्होंने इसका विरोध किया तो उसने गालियां देते हुए पति को जान से मारने की धमकी दी। अपनी पत्नी सिपाही कुमकुम और साले अंकित यादव के साथ मिलकर पति और बेटी के साथ मारपीट की।

उन्होंने बीच-बचाव किया तो तीनों ने उन्हें भी पीटा। उनकी बेटी को छत से नीचे फेंक दिया। उन्होंने घटना की बीबीडी थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू की है। घटना साेमवार शाम करीब 7 बजे की है।

बीबीडी थाना क्षेत्र में पीड़िता और सिपाही दंपती का परिवार एक ही मकान में किराए पर रहता है। पीड़िता का आरोप है कि सिपाही मुकेश यादव कई दिनों से बेटी से छेड़खानी कर रहा था। उसकी नीयत गलत थी। बेटी ने उन्हें इसकी जानकारी दी। उन्होंने मुकेश की पत्नी से इसकी शिकायत की। इस पर सिपाही मुकेश भड़क गया और घटना को अंजाम दिया।

रीढ़ की हड्‌डी टूटी, चल नहीं पा रही है किशोरी

उन्होंने बेटी को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी रीढ़ की हड्‌डी टूट गई है। वह खड़ी नहीं हो पा रही है। चलने-फिरने में असमर्थ है। उन्होंने बताया कि अब भी सिपाही उनके परिवार को धमका रहा है।

मुकेश डायल-112 में तैनात है। उसकी पत्नी की तैनाती के बारे में जानकारी नहीं है। इंस्पेक्टर बीबीडी का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

अब पढ़िए लड़की ने जो कहा…

सिपाही ने कहा गोली मार दूंगा : लड़की

लड़की ने कहा- सिपाही मुकेश 2-3 माह से मेरे साथ बदतमीजी कर रहा था। मैंने उसकी पत्नी से शिकायत की तो उसने सबूत मांगा। सोमवार शाम को सिपाही की पत्नी ने मेरी मम्मी से आकर बहस की। उसके बाद सिपाही ने गाली-गलौज की।

कुछ देर बाद मेरी मां पापा को नीचे गेट तक छोड़ने चली गईं। इस बीच सिपाही अपनी पत्नी के साथ ऊपर मेरे कमरे में आया। उसकी पत्नी ने गाली-गलौज करके मुझे थप्पड़ मारे। उसके बाद दूसरी मंजिल की छत से धक्का देकर नीचे गिरा दिया।

सिपाही अपनी पत्नी और साले के साथ भागने लगे। इस बीच मेरे भाई ने मेरी चीख सुनी। उसने गोहार लगाई। मम्मी-पापा ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की। बाद में फिर से मेरी पिटाई की।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *