यूपी में अब मानसून 3 दिन पहले आएगा, कल से नौतपा, 47°C तक पारा जाएगा
यूपी , तय समय से 8 दिन पहले मानसून आज केरल पहुंच गया है। अब केरल से करीब 2600 किमी दूर यूपी मानसून कब पहुंचेगा? इस सवाल पर BHU के मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने कहा- अभी तक की स्थिति को देखकर लग रहा कि तय समय 20 जून से 2-3 दिन पहले मानसून यूपी में दस्तक देगा। उन्होंने बताया कि इस बार बारिश ठीक-ठाक होने की संभावना दिखाई दे रही है।
यूपी में मौसम लगातार बदल रहा है। शनिवार को 65 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। पिछले 24 घंटे में 7 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 10.3 मिमी बारिश महाराजगंज में दर्ज की गई।
वाराणसी में शुक्रवार को तेज आंधी आई। करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के कारण प्रदेश के औसत तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले 4 दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।
शुक्रवार को झांसी सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम पारा 40.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कल से नौतपा शुरू हो रहा है। इस दौरान पारा 47 डिग्री तक जा सकता है।
इस साल 25 मई से 2 जून तक नौतपा रहेगा। इस दौरान सूर्य पृथ्वी के करीब होता है, जिससे उसकी किरणें सीधे और तेज पड़ती हैं और तापमान बढ़ जाता है। माना जाता है कि इन 9 दिनों में बहुत ज्यादा गर्मी पड़ती है। हालांकि हर साल ऐसा हो, ये जरूरी नहीं है। जैसे-
- 2024 में नौतपा के दौरान पूरे देश में हीटवेव चल रही थी। गर्मी इतनी तेज थी कि 4 दिनों में ही 320 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। कई राज्यों में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की नसीहत दी जाने लगी।
- 2023 में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी नहीं पड़ी। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और दिल्ली समेत उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में मई-जून के महीने में बारिश हुई।
हालांकि, मौसम विज्ञानी का कहना है कि 2023 की तरह इस बार भी नौतपा का असर यूपी में कम देखने को मिल सकता है।
मानसून केरल पहुंचा, यूपी में 3 दिन पहले आ सकता है मानसून ने शनिवार को केरल में दस्तक दे दी है। यह अपने तय समय 1 जून से 8 दिन पहले पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक,16 साल में ऐसा पहली बार हुआ, जब मानसून इतनी जल्दी आया। ऐसे में अब सवाल उठता है कि यूपी में मानसून कब पहुंचेगा?
BHU के मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने कहा- पूर्वोत्तर राज्यों की तरफ जब मानसून बढ़ेगा, तब सही डेट सामने आएगी। अभी तक की स्थिति को देखकर लग रहा है कि तय समय 20 जून से 2-3 दिन पहले मानसून यूपी में दस्तक दे सकता है। उन्होंने बताया कि इस बार बारिश ठीक-ठाक होने की संभावना दिखाई दे रही है।
हालांकि, पिछली बार भी 20 जून को मानसून आने की संभावना जताई गई थी। लेकिन, यह 10 दिन की देरी से आया था। जबकि, केरल में तय डेट से दो दिन पहले 30 मई को एंट्री कर गया था।
केरल में एंट्री के बाद यूपी आने में 15 से 30 दिन का समय लगता है यह जरूरी नहीं कि केरल में पहले मानसून की एंट्री होगी, तो यूपी में भी पहले मानसून आ जाएगा। पिछले 5 साल के आंकड़े इसी ओर इशारा कर रहे हैं। जैसे- 2021 में 3 जून को मानसून केरल में एंट्री कर गया था, लेकिन यूपी में 15 दिन बाद आया। इसी तरह 2024 में 30 मई को केरल आया, लेकिन यूपी में आने में 28 दिन लग गए। जबकि, केरल और यूपी में मानसून की एंट्री की तय डेट में सिर्फ 18 दिन का अंतर है।