google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Crime News

मुरादाबाद : मायके वालों से बात करने पर पत्नी की नाक काटी

मुरादाबाद में कारीगर ने चाकू से अपनी पत्नी की नाक काट दी। वजह इतनी थी कि पत्नी मायके वालों से बात करती थी। आरोपी ने उसे कई बार मना किया, लेकिन पत्नी मान नहीं रही थी। 3 दिन पहले पति से झगड़ा कर मायके चली गई थी।

शनिवार सुबह वह बेटी के कपड़े लेने घर पहुंची। उसे देखकर आरोपी पति भड़क गया। उसने उसकी नाक चाकू से काट दी। पत्नी के मुताबिक, हमला करने के बाद आरोपी ने उसे धमकाया। कहा- हजार बार मना किया था, मायके से बात मत करो। नहीं मान रही थी तो अब झेलो।

धमकाने के बाद आरोपी पति वहां से भाग गया। पत्नी कपड़े से नाक को दबाकर मायके पहुंची। परिजन उसे मुरादाबाद जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे नाजुक हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना मुरादाबाद के मैनाठेर मोहल्ले की है। आरोपी का ससुराल और घर इसी मोहल्ले में है।

मैनाठेर कस्बे में रहने वाला 45 साल का चांद मोहम्मद पेशे से पॉलिश कारीगर है। वह एक एक्सपोर्ट फैक्ट्री में पीतल पॉलिश का काम करता है। 7 साल पहले उसकी शादी कस्बे में ही रहने वाली राबिया के साथ हुई थी। शादी के बाद बच्चा न होने पर दंपती ने एक बच्ची को गोद लिया।

राबिया की मां चंदा ने बताया- चांद मोहम्मद बेटी को हम लोगों से बात करने से रोकता था। इसके चलते बेटी और दामाद में अक्सर झगड़ा होता था। तीन दिन पहले भी दोनों का इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ।इसके बाद बेटी ससुराल छोड़कर यहां (मायके) चली आई।

गोद ली बच्ची भी उसके साथ थी। शनिवार सुबह 8 बजे राबिया अपने कुछ कपड़े लेने ससुराल आई थी। इस दौरान आरोपी ने बेटी पर हमला कर दिया। बेटी चिल्लाते हुए घर वापस आई। इसके बाद हम लोग उसे अस्पताल ले गए। मेरी बेटी की क्या गलती थी? उसका इतना खून बह गया कि डॉक्टर ने दूसरे अस्पताल भेज दिया। बेटी की हालत ठीक नहीं है।

बहन रवीना ने बताया- मेरी बहन तीन दिन पहले ही मायके आई थी। कल बहन का शोहर घर आया था। उसने किसी बात को लेकर बहन से झगड़ा किया था और मिट्टी का तेल डालकर जलाने की धमकी भी दी थी। इसके बाद मेरी बहन भागकर थाने गई, जहां इसके खिलाफ शिकायत की।

पुलिस ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद फिर बहन वापस मायके आ गई। आज सुबह आपा (दीदी) अपनी ससुराल बेटी के कपड़े लेने गई थी। जैसे ही उसने घर का दरवाजा खोला, वैसे ही उसके शोहर ने चाकू से बहन की नाक काट दी। बहन दरवाजे से ही दौड़ती हुई वापस मायके आई।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *