LPG पर नया नियम लागू! अब बिना OTP नहीं होगी बुकिंग
जयपुर: ईरान इजरायल और अमेरिका सहित खाड़ी देशों में युद्ध के चलते राजस्थान में LPG गैस सिलेंडर की किल्लत चल रही है, लेकिन अब इसी किल्लत के बीच समय पर गैस सिलेंडरों की बुकिंग और डिलीवरी के चलते लोगों को थोड़ी राहत मिली है. हालही में राजस्थान में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने तेल-गैस कंपनियों को गैस सिलेंडर की बुकिंग के नए सिस्टम का आदेश जारी किया है. जिसके बाद उपभोक्ता को अब सिलेंडर बुकिंग के समय ओटीपी देकर वेरिफिकेशन करना जरूरी होगा. इसके अलावा कस्टमर किसी मोबाइल एप, तेल-गैस कंपनी की वेबसाइट के जरिए अगर अब गैस बुकिंग कर रहे हैं तो सिर्फ रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी से वेरिफिकेशन के बाद ही बुकिंग होगी. लम्बे समय से LPG गैस की किल्लत के चलते विभाग ने यह आदेश जारी किए हैं.
इसके अलावा अब राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की बुकिंग की अवधि 45 दिन से घटाकर फिर से 25 दिन कर दी गई हैं जिसके चलते लोगों को राहत मिलेगी. लोकल-18 ने जयपुर की अलग-अलग गैस एजेंसियों पर पहुंच कर यहां एंजेसियों के मालिकों से बुकिंग के नियमों को लेकर बात की तो सुभाष मित्तल का कहना है कि बुकिंग की अवधि 25 दिन की हैं जिसमें लोग ऑनलाइन रूप से गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं बुकिंग के बाद एजेंसी की तरफ से उपभोक्ताओं को एक OTP प्राप्त होता है जिसके बाद डिलीवरी के समय ऑफलाइन ब्लू बुक और ऑनलाइन रूप में गैस सिलेंडर लेते समय भी डिलीवरी बॉय को डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड देना उपभोक्ता के लिए अनिवार्य किया गया है. ताकि कंपनी के सर्वर पर इस कोड से डिलीवरी की पुष्टि की जा सके. साथ ही होम डिलीवरी के समय, डिलीवरी बॉय कस्टमर की पासबुक या डायरी में इसे अनिवार्य तौर पर लिखना भी अनिवार्य है.
बुकिंग के नए नियमों के अनुसार अब केवल ऑथेंटिक बुकिंग विभाग से जारी आदेशों के अनुसार ही बुकिंग होगी. जिसमें अगर उपभोक्ता किसी दूसरे अधिकृत इलेक्ट्रॉनिक माध्यम जैसे फोन-पे, पेटीएम एप या यूपीआई से बुकिंग करता है तो उस बुकिंग का वेरिफिकेशन भी ओटीपी के जरिए करना होगा. इनके अलावा अन्य किसी माध्यम से बुकिंग स्वीकार नहीं किया जाएगा. इस सिस्टम से केवल ऑथेंटिक बुकिंग ही हो सकेगी और कोई दूसरा व्यक्ति या गैस एजेंसी संचालक अपने स्तर पर उपभोक्ता की गैस बुकिंग नहीं कर सकेगा. भारत गैस एजेंसी के विकास चौधरी का कहना है कि 25 दिन के नियम अनुसार लोग अब शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं जिसके बाद 2-3 दिन में उनके घर सिलेंडर की डिलीवरी हो जाएगी. लोगों को ज्यादा पैनिक होने की जरूरत नहीं है. अन्य गैस एजेंसियों के लोगों का कहना है कि फिलहाल लोग रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से दिए गए नंबर पर कॉल करके इंटरैक्टिव वॉइस रिस्पॉन्स सिस्टम और वॉट्सएप के जरिए बुकिंग करता है तो वह बुकिंग कर ली जाती है. लेकिन विभाग से जारी आदेशों के अनुसार उपभोक्ता अब तेल-गैस कंपनियों की ऑफिशियल वेबसाइट या किसी मोबाइल एप से बुकिंग करते हैं तो उपभोक्ता का सत्यापन उसके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे ओटीपी के जरिए किया जाएगा. इसके बाद सिलेंडर की बुकिंग होगी.
राजस्थान में शहरी क्षेत्रों के अलावा अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच गैस कंपनियों ने बड़ी राहत दी है, ग्रामीण क्षेत्रों में अब लोग 45 दिन के बजाए 25 दिन में अपना अंगला सिलेंडर बुक करवा सकते हैं. इससे पहले करीब 10 दिन पहले कंपनियों ने रसोई गैस की किल्लत को देखते हुए बुकिंग अवधि को बढ़ाकर 45 दिन किया था. जिसके बाद अब बुकिंग की अवधि में राहत दी गई है. गैस कंपनियों के संचालकों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में उपयोग कम होने के कारण सिलेंडर की बुकिंग सामान्यता भी एक माह या उससे ज्यादा के अंतराल में आती है. लेकिन अब टाइम बढ़ने से डिलीवरी का समय और ज्यादा बढ़ गया था. जिसके चलते यह फैसला लिया गया है. गैस सिलेंडर की कमी के अलावा शहरी और ग्रामीण इलाकों में अब भी IOCL, BPCL, HPCL जैसी तेल कंपनियों के सर्वर में आए दिन दिक्कत आ रही है. कभी बुकिंग नहीं हो रही तो कभी बुकिंग के बाद मोबाइल पर आने वाले ओटीपी की समस्या से भी लोग परेशान हैं. घरेलू गैस सिलेंडर के अलावा प्रदेश में अब भी कॉमर्शियल गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं को परेशानी है. दूसरी प्रायोरिटी के सेक्टर वाले व्यापारियों जैसे ढाबा, होटल, रेस्टोरेंट या अन्य फूड इकाइयों पर अब भी एक माह की कुल खपत के 20 फीसदी ही सिलेंडर दिए जा रहे हैं.

