Crime News

नोएडा : एक बेटी बहन को दिया, दो बेटियों को छत से फेंका, खुद भी दी जान

Share News

नोएडा, दो बेटियों को छत से नीचे फेंकने के बाद खुद भी छलांग लगाने वाली महिला सरिता ने पांच महीने पहले अपनी चौथी बेटी को जन्म दिया था। शादी के करीब एक दशक होने के बाद भी बेटा पैदा न होने से वह तनाव में रहने लगी थी। चौथी बेटी को समझौते के तहत सरिता ने अपनी बहन को दे दिया था। जिस मकान में सरिता रहती थी, वहां के लोगों ने बताया कि सरिता का स्वभाव काफी हंसमुख और मिलनसार था। लेकिन, बेटी के पैदा होने के बाद से उसके व्यवहार में बदलाव आ गया था।

सरिता और उसकी पांच साल की बेटी कृतिका की मौत के बाद से पूरे परिवार में मातम है। लोग एक अन्य घायल बेटी दिव्या (3) की सेहत की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं। बेटी के बाद पत्नी की मौत की जानकारी जैसे ही मनोज को मिली वह अस्पताल परिसर में बिलख कर रोने लगे। साथ काम करने वाले लोगों ने किसी तरह मनोज को संभाला। घटना की जानकारी होने के बाद मकान के आसपास रहने वाले पड़ोसी भी अस्पताल पहुंच गए।

मकान में रहने वाली एक महिला ने बताया कि सरिता जब छत से कूदने जा रही थी तो लोगों ने उसे रोका पर उसने एक नहीं सुनी और छलांग लगा दी। उसे रोकने के लिए लोग जब तक ऊपर पहुंचे वह छत से छलांग लगा चुकी थी। पड़ोसियों ने बताया कि मनोज काफी मिलनसार था। वो शाम को जब भी तीनों बेटियों के साथ घर से निकलता सभी से मिलता और हाथ जोड़कर नमस्ते करता था। लेकिन, बंद कमरे में क्या होता था ये नहीं पता।

मनोज प्रयाग अस्पताल की कैंटीन में काम करता था। तीन साल पहले ही उसने कमरा किराए पर लिया था। इससे पहले भी वह बरौला में ही रहता था। लेकिन, बच्ची होने के बाद उसने बड़ा कमरा लिया। ताकि आराम से रहा जा सके। उसे नहीं मालूम था कि उसके साथ ऐसा हो जाएगा। अब उसकी दो बेटियां है। एक उसकी साली के पास और बड़ी बेटी सात साल की है।

सरिता ने पांच साल की बेटी कृतिका को पहले फेंका। इसके बाद तीन वर्षीय बेटी दिव्या को भी नीचे फेंक दिया। दिव्या दोनों मकानों के बगल में खाली प्लॉट पर गिरी। जिस समय वह नीचे गिर रही थी, उसी प्लॉट पर बने बाथरूम में एक महिला नहा रही थी। दिव्या उसकी कमर पर गिरी। इससे बच्ची बच गई। उसे हल्की चोट लगी है। उसका इलाज भी निजी अस्पताल में किया जा रहा है। वहीं स्नान कर रही महिला ने बताया कि उसे नहीं मालूम था कि एक बच्ची उसकी कमर पर गिरी। जैसी ही बच्ची उसकी पीठ पर गिरी महिला घबरा गई। आसपास के लोग उसे अस्पताल लेकर गए। महिला को भी पीठ और कमर में मामूली चोट आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *