नोएडा : वैलेंटाइन-डे के दिन प्रेमी ने प्रेमिका की कार में कर दी हत्या, खुद को गोली मारकर कर ली आत्महत्या
नोएडा में वैलेंटाइन-डे के दिन प्रेमी ने प्रेमिका की कार में हत्या कर दी, फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। छानबीन में पुलिस को 1 साल पुराना नोट मिला, जो सुमित की हैंडराइटिंग में था। सुमित ने लिखा-

रेखा से मेरा कोई संबंध नहीं। अगर मैं उसके साथ किसी भी तरह की छेड़खानी कर दूं। तो मेरे खिलाफ कार्रवाई की जाए।
ये वो दौर था, जब सुमित और रेखा के परिवारों को उनके अफेयर के बारे में पता चला था। रेखा का परिवार शादी के लिए तैयार नहीं था। इसके 2 कारण सामने आए। पहला- क्रिकेटर सुमित का रोड एक्सीडेंट के बाद करियर बर्बाद हो गया था। दूसरा- वह वाल्मीकि समाज से था।
रेखा का परिवार कायस्थ था। ऊंची जाति की लड़की को पिछड़ी जाति के लड़के को देना नहीं चाहते थे। 1 साल की कश्मकश के बाद सुमित ने मौत का रास्ता चुना। हत्या और सुसाइड से पहले 13 फरवरी को सुमित ने रेखा को उसके ऑफिस से लिया, इसके बाद दोनों घर नहीं लौटे थे। दोनों के परिवार ने नोएडा के सेक्टर-58 थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 14 फरवरी को सेक्टर-39 में सफेद एल्ट्रोज कार में दोनों की लाशें मिलीं। पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर के मुताबिक, सुमित और रेखा के सिर में गोली धंसी मिली है।
सुमित और रेखा पहली बार त्रिलोकपुरी के पब्लिक स्कूल में मिले। 10वीं और 12वीं की पढ़ाई साथ की। एक ही कैंपस में थे, बातचीत शुरू हुई, वो गहरे रिश्ते में बदल गई।
दोनों के परिवार ओपन माइंड थे, इसलिए एकेडमिक तैयारियों के लिए दोनों के एक-दूसरे के घर आने-जाने पर किसी को आब्जेक्शन भी नहीं हुआ। पहले दोनों एक-दूसरे के घर सिर्फ पढ़ाई के लिए आते-जाते थे। मगर बाद में घर के शादी-ब्याह के इवेंट में भी शामिल होने लगे।
रिश्ते का अपनापन इतना था कि परिवार के लोग इसको रूटीन की तरह मानने लगे थे। सिर्फ पढ़ाई नहीं, सुमित और रेखा के शौक भी मिलते थे। सुमित दाएं हाथ का अच्छा बल्लेबाज था। वह यूपी के अलावा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के इवेंट में खेलने जाया करता था। रेखा को भी क्रिकेट पसंद था। अक्सर वो फोन पर बात करती रहती थी।
रेखा ने 12वीं के बाद ग्रेजुएशन में बीकॉम किया। फिर सेक्टर-62 में जॉब करने लगी। इधर सुमित ने अपने पिता की मदद से एक वाटर प्लांट लगा लिया। सुमित के पिता राजीव दिल्ली एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) में हेल्थ इंस्पेक्टर की नौकरी करते हैं। सुमित अलग-अलग सोसाइटी में पानी की सप्लाई करने लगा। साथ ही, क्रिकेट खेलना भी जारी रखा। हालांकि, उसने अच्छा पैसा कमाया।
इधर, सुमित रेखा के साथ अपनी जिंदगी के प्लान बनाने लगा। दोनों शादी करना चाहते थे। सुमित के भाई ने बताया- मेरे भाई ने नोएडा में 1 करोड़ का फ्लैट खरीदा। वो इसको रेखा को गिफ्ट देना चाहता था। आए दिन रेखा को ब्रांडेड गिफ्ट देता था। वो हर रोज कार से रेखा को सेक्टर-62 स्थित ऑफिस से लेने और छोड़ने जाता था। सब कुछ ठीक चल रहा था।

