Live News

ग्रेटर नोएडा में पुलिस के रोकने पर फायरिंग की, 4 बदमाश गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दो बदमाशों को पैर में गोली लगी, जबकि उनके दो साथियों को कॉम्बिंग के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, सूरजपुर पुलिस मोजर वियर गोलचक्कर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी दो बिना नंबर की मोटरसाइकिलों पर चार संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

संदिग्धों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, जिस दौरान उनकी मोटरसाइकिलें गिर गईं।

मोटरसाइकिल गिरने के बाद भी बदमाशों ने पुलिस पर दोबारा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल हो गए।

घायल बदमाशों की पहचान मुकेश उर्फ मुक्के (निवासी ग्राम टोला ननकार, थाना पताही, जिला मोतिहारी, बिहार) और आकाश (निवासी ग्राम चीती, थाना दनकौर) के रूप में हुई है।

पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान इनके दो अन्य साथियों देवेंद्र शर्मा (निवासी ग्राम बकवा, थाना भेझा, जिला मधुबनी, बिहार) और सतपाल (निवासी ग्राम सूरजपुर, थाना चंडौस, जिला अलीगढ़) को भी गिरफ्तार कर लिया।

बदमाशों के कब्जे से चार तमंचे, कारतूस और थाना क्षेत्र में की गई चोरी का सामान बरामद किया गया है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने बताया कि पकड़े गए चारों बदमाश शातिर किस्म के चोर हैं। उन्होंने थाना क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है और इन पर कई दर्जन मुकदमे भी दर्ज हैं।

ये बदमाश बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करते थे। फिलहाल, घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *