शामली में पुलिस ने किया एनकाउंटर : पति-पत्नी से लूट के 4 घंटे बाद मारा गया फैसल
शामली में एक लाख के इनामी बदमाश मोहम्मद फैसल को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। फैसल ने गुरुवार शाम को भैया दूज पर पति-पत्नी से लूट की थी। इसके 4 घंटे बाद ही मुठभेड़ में ढेर हो गया। 42 साल का फैसल कुख्यात संजीव जीवा गैंग का शूटर था। उस पर लूट, हत्या जैसे करीब 17 मामले दर्ज थे।
SSP एनपी सिंह ने बताया- भैया दूज की शाम दो बदमाशों ने झिंझाना क्षेत्र में पति-पत्नी से बाइक लूट ली थी। पुलिस को सूचना मिलने पर तत्काल घेराबंदी और चेकिंग शुरू की गई। रात 10 बजे दो संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फैसल को गोली लग गई। जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे में भाग निकला। मुठभेड़ में SOG सिपाही दीपक निर्वाण को भी गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फैसल के साथी की तलाश में पुलिस ने जंगल में कॉम्बिंग शुरू की। पुलिस ने एनकाउंटर स्पॉट दो बाइक, दो पिस्टल, कई जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं।
हाईवे पर पति-पत्नी से लूट की गुरुवार शाम 6 बजे कैराना की बरनावी गांव के रहने वाले जीतराम पत्नी के साथ मेरठ-करनाल हाईवे से गांव लौट रहे थे। वे जब गांव वेदखेड़ी के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। गन पॉइंट पर उनकी बाइक और पत्नी से जेवर लूट लिए। जीतराम ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एसओजी की टीम एक्टिव हो गई।
संजीव जीवा के बाद शाहरुख के लिए काम करने लगा था फैसल मूल रूप से मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र का रहने वाला था। हालांकि अभी वह मुजफ्फरनगर के खालापार में रहता था। वह जीवा गैंग का शार्प शूटर था, लेकिन जीवा की हत्या के बाद उस गैंग के नए लीडर शाहरुख पठान के लिए काम करने लगा था। जुलाई में शाहरुख को एसटीएफ ने एनकाउंटर में मार गिराया था। हालांकि, शाहरुख के मारे जाने के बाद गैंग बिखर गया था।
रेलवे स्टेशन पर पुलिस कस्टडी में की थी हत्या 2015 में फैसल और शाहरुख पठान ने मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर पुलिस कस्टडी में बदमाश आसिफ जायदा नाम के युवक की गोलियों से भूनकर हत्या की थी। शाहरुख इस मामले में जेल गया था। वहां, संजीव जीवा और मुख्तार अंसारी के संपर्क में आ गया। फिर वह संजीव जीवा के लिए काम करने लगा। फैसल भी उसके साथ जुड़ गया था।
मो. फैसल और शाहरुख पर एक-एक लाख का इनाम था। दोनों ने साथ में कई घटनाओं का अंजाम दिया था। फैसल मुजफ्फरनगर में कपड़े की फेरी लगाने का काम करता था। मुजफ्फरनगर के खालापार थाना खादर वाला क्षेत्र में अपनी सुसराल के पास किराए के मकान में पत्नी और बच्चे के साथ रह रहा था

