Dailynews

यूपी के 10 जिलों में बारिश, 20 में अलर्ट

यूपी में एक हफ्ते से बारिश का दौर जारी है। सोमवार सुबह से नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बरेली, मथुरा समेत 10 जिलों में हल्की बारिश हो रही है। संभल में आंधी के साथ तेज बारिश हुई।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 20 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें ज्यादातर पश्चिम यूपी के हैं। वहीं, पूर्वांचल के जिलों में मौसम साफ है, हल्की धूप निकली है।

मौसम विभाग का कहना है कि आज पश्चिमी यूपी में दिनभर मौसम बिगड़ा रहेगा। रुक-रुक कर बारिश होगी। कल यानी मंगलवार से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। तापमान 4 से 7°C तक बढ़ेगा।

हालांकि, 26 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इससे 3-4 दिन तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर फिर से शुरू होगा।

पिछले 24 घंटे की बात करें तो बाराबंकी-महाराजगंज समेत 10 जिलों में हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक तापमान लखीमपुर खीरी में 33 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बिजनौर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 14.5°C रिकॉर्ड किया गया।

पश्चिम यूपी में कहां, कैसा मौसम है, जानिए

  • गाजियाबाद: गाजियाबाद में सुबह बूंदाबांदी हुई। आसमान में काले बादल छाए हैं। हल्की बारिश होने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
  • मेरठ: मेरठ में सुबह मौसम फिर से बदल गया है। हल्की बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवा चल रही है। इस वजह से तापमान में गिरावट आई। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, अगले 48 घंटे मौसम ऐसा ही रहेगा।
  • नोएडा: नोएडा में देर रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री है। हवा की रफ्तार 8 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक जा सकता है। दोपहर बाद तक बारिश होने के आसार हैं।
  • बरेली: बरेली में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। लोग घरों में ही दुबके रहे। सड़कों और गलियों में सन्नाटा रहा। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो गया। बादलों की आवाजाही जारी है।
  • मथुरा: मथुरा में अचानक मौसम बदल गया। सुबह से काले बादल छाए थे। दोपहर 12 बजे अचानक रिमझिम बारिश होने लगी। ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिली।
  • संभल: संभल में सुबह-सुबह आंधी के साथ तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने पूरे दिन बारिश की संभावना जताई है। दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
  • आगरा: आगरा में सुबह से बादल छाए हैं। हल्की सर्दी का एहसास हो रहा है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिनभर बादल छाए रह सकते हैं।
Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *