आगरा-मथुरा समेत 7 जिलों में बरसात; 18 में ओले का अलर्ट
यूपी में मौसम एक बार फिर बदल गया है। नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गुरुवार देर रात से ही रिमझिम बारिश हो रही है। तेज हवा के साथ रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। सड़कों पर सन्नाटा रहा।
दूसरी तरफ पूर्वी यूपी में अच्छी धूप है। मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। ऐसे में वहां से आने वाली सर्द हवा यहां भी ठंड बढ़ाएगी। कुछ दिन से कोहरे और ठंड से मिल रही राहत पर ब्रेक लगेगा। फिर से ठिठुरन और गलन बढ़ेगी। आज 18 जिलों में ओले भी पड़ सकते हैं। कहीं-कहीं आंधी की भी आशंका है।
आने वाले दिनों में पारा 3-4°C लुढ़क सकता है। कई जिलों में कोहरा भी पड़ सकता है। विजिबिलिटी 100 मीटर तक रह सकती है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो बहराइच सबसे ठंड रहा, यहां रात का पारा 6°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद गोरखपुर 6.7°C, बाराबंकी-अयोध्या 7.0°C और आजमगढ़ 7.2°C रहा।
लखनऊ-कानपुर समेत बड़े शहरों का हाल जान लीजिए…
- लखनऊ: लखनऊ में मौसम साफ है। 11 किलोमीटर की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चल रही हैं। रात में पारा 11°C रहा। 2-3 दिन कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश और ओले पड़ सकते हैं।
- कानपुर: कोहरे से राहत है। सर्द हवाएं ठंड को बरकरार रखे हुए हैं। शहर में आज का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
- आगरा: हल्की हवा चल रही है। दिन में बूंदाबांदी हो सकती है। तेज हवाएं चलेंगी। 22 जनवरी इस महीने का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
- गोरखपुर: कोहरा कम होने और धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत है। बारिश से एक-दो दिनों में फिर तापमान में गिरावट आएगी। साथ ही तेज ठंडी हवा के कारण सर्दी और गलन बढ़ेगी।

