सहारनपुर : बाइक सवार बदमाशों की फायरिंग, घरों के बाहर खड़े लोगों पर चलाई गोली
सहारनपुर में बाइक सवार 3 बदमाशों ने 50 मीटर की दूरी पर 2 बार फायरिंग की। इसका सीसीटीवी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि सोमवार की रात को घरों के बाहर कुछ युवक बैठे हैं और तभी तीन युवक बाइक पर आए और गोली चलाकर भाग गए। फिर 50 मीटर दूरी पर जाकर एक युवक पर फायरिंग की।
भीड़ पर फायरिंग के बाद भागे बाइक सवार
थाना रामपुर मनिहारान के मोहल्ला बंजारान में नफीस अहमद अपने दो भाइयों और पड़ोसियों के लड़कों के साथ घर के बाहर बैठा था। घर के बाहर सीढ़ियों पर बैठे युवक बातचीत कर रहे थे। देर रात करीब 10 बजे तीन अज्ञात बाइक पर आए। एक बदमाश पहले से ही हाथ में तमंचा लिए था। उसने भीड़ पर फायरिंग कर दी और भाग गया।
गोली की आवाज सुनकर घर के बाहर बैठे युवक घबरा गए। युवकों को गोली लगने से बच गई। फायरिंग की आवाज इतनी तेज थी कि कुछ युवकों ने तो कान पर हाथ रख लिया। वहीं सभी युवक अपने शरीर को देखने लगे। कहीं उनको गोली तो नहीं लग गई है। तभी करीब 50 मीटर की दूरी पर उन्हीं बदमाशों ने एक ओर फायरिंग की।
दूध लेकर लौट रहे युवक पर भी फायरिंग
इसी मोहल्ले का मोहम्मद आलम दूध लेकर आ रहा था। पीछे मोहल्ले से फायरिंग करने के बाद तुरंत बदमाशों ने आलम पर भी फायरिंग कर दी। हालांकि बदमाशों की गोली से आलम बच गया। लेकिन अपने ऊपर गोली चली देखकर उसका शरीर कांपने लगा। घटना को अंजाम देकर अज्ञात बदमाश फरार हो गए।
तभी सूचना पर थाना रामपुर मनिहारान पुलिस नफीस के घर पहुंची। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
तहरीर पर मुकदमा दर्ज
वहीं इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा का कहना है कि एक घटना की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दूसरी घटना को जांच में शामिल किया जाएगा। पुलिस ने दूसरी घटना का मुकदमा दर्ज नहीं किया है।