News

STF ने मेरठ में गैंगस्टर सोनू मटका को मार गिराया, दिल्ली में डबल मर्डर करके फरार था

मेरठ में यूपी STF ने एनकाउंटर में दिल्ली के वांटेड गैंगस्टर अनिल उर्फ सोनू मटका को ढेर कर दिया। शनिवार सुबह हुई मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम भी साथ थी। एनकाउंटर में गोली लगने के बाद सोनू को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनू मटका हाशिम बाबा गैंग का शॉर्प शूटर था।

सोनू मटका 31 अक्टूबर यानी दिवाली की रात दिल्ली के शहादरा इलाके में कारोबारी परिवार के चाचा-भतीजे की हत्या में वांटेड था। दिल्ली पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। सोनू मटका पर 50 हजार का इनाम था। शुक्रवार रात उसकी लोकेशन मेरठ में मिली। फिर दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने यूपी एसटीएफ के साथ मिलकर ऑपरेशन प्लान किया।

  • STF मेरठ के SP बृजेश सिंह ने बताया- सोनू मटका दिल्ली का कुख्यात गैंगेस्टर था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि सोनू मेरठ के टीपीनगर वेदव्यासपुरी में आने वाला है। दिल्ली पुलिस ने एसटीएफ को इसकी सूचना दी। दोनों की जॉइंट टीम सुबह 7 बजे वेदव्यासपुरी पहुंच गई।
  • सोनू मटका बाइक पर किसी का इंतजार कर रहा था। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। 5 से 6 बार पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सोनू मटका को गोली लग गई। वह बाइक से गिर पड़ा।
  • STF उसे मेरठ जिला अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने सोनू मटका को मृत घोषित कर दिया। एनकाउंटर के दौरान करीब 12-15 राउंड फायरिंग हुई। सोनू मटका के पास से एक पिस्टल 30 बोर, एक पिस्टल 32 बोर, 10 जिंदा कारतूस और बाइक बरामद हुई।
  • सोनू मटका मूलरुप से बागपत का रहने वाला था। हालांकि, वह कई साल से दिल्ली में क्राइम कर रहा था। उस पर करीब 12 हत्या और डकैती के मुकदमे दिल्ली और यूपी में दर्ज थे। सोनू मटका हाशिम बाबा और उमेश पंडित गैंग से जुड़ा हुआ था।

दिल्ली के शहादरा इलाके में दिवाली की रात आकाश शर्मा (40) और उनके भतीजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग में उनका 10 साल का बेटा भी घायल हुआ था। इस वारदात का CCTV फुटेज सामने आया था। इसमें नजर आ रहा है कि एक लड़का स्कूटी से शूटर के साथ आकाश के घर पहुंचा। उसने पहले आकाश का पैर छुआ फिर दिवाली की बधाई दी।

इसके बाद लड़के के साथ आए शूटर ने आकाश पर ताबड़तोड़ 5 राउंड फायरिंग की। इसके बाद दोनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में लड़के को पकड़ लिया था, लेकिन शूटर सोनू मटका फरार चल रहा था। पुलिस का दावा है कि सोनू मटका ने सुपारी लेकर वारदात को अंजाम दिया था।

डबल मर्डर के बाद से दिल्ली पुलिस सोनू की तलाश कर रही थी। 29 नवंबर को भी दिल्ली पुलिस सोनू की तलाश में मेरठ पहुंची थी। पता चला था कि वह अपेक्स सिटी में दीपक जाट के नाम से रह रहा था। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वह फरार हो गया था

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *