सुल्तानपुर : मुस्लिम मतदाताओं के नाम काटने का आरोप
सुल्तानपुर में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-7 में बड़े पैमाने पर धांधली का मामला सामने आया है। सोमवार को लंभुआ विधानसभा क्षेत्र में गलत तरीके से नाम काटे जाने की शिकायत लेकर सैकड़ों लोग तहसील पहुंचे। उन्होंने एसडीएम से शिकायत दर्ज कराई, जिस पर एसडीएम ने मामले का संज्ञान लिया है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता जितेंद्र वर्मा ‘बाजीगर’ ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि तातोमुरैनी में 1600, कोइरीपुर में 250 और भदैया ब्लॉक में 400-500 फॉर्म-7 मिले हैं। वर्मा के अनुसार, ये सभी फॉर्म मुस्लिम समुदाय के मतदाताओं से संबंधित हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनके नाम कटवाने की साजिश कर रही है। वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को दिए गए फॉर्म के पैकेट में पैसे भी रखे गए थे।
उन्होंने एसडीएम के साथ हुई बैठक का जिक्र करते हुए बताया कि एसडीएम ने इसे जांच का विषय बताया है। एसडीएम ने आश्वासन दिया है कि पूरी जांच के बाद जानकारी दी जाएगी और किसी का भी नाम गलत तरीके से नहीं काटा जाएगा। सपा नेताओं ने इस मामले में न्याय न मिलने की आशंका भी जताई।
जितेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा के मंडल और बूथ अध्यक्ष इस धांधली में शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी टीम ने 24 बूथों का निरीक्षण किया, जहां यह धांधली पकड़ी गई। वर्मा ने कहा कि यदि उनके कार्यकर्ता सक्रिय न होते तो ये नाम काट दिए जाते।
इसी बीच, भौरियार की बीएलओ शिव कुमारी ने बताया कि मुकेश तिवारी नामक व्यक्ति उनके पास कागजात लेकर आए और उन पर जबरदस्ती हस्ताक्षर करने को कहा। शिव कुमारी के अनुसार, उनसे 29 फॉर्म-7 पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए हैं।
सपा के भदैया ब्लॉक अध्यक्ष ने जानकारी दी कि भदैया बूथ पर अल्पसंख्यक समुदाय के सर्वाधिक वोट काटे गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी के नेता फॉर्म-7 भरकर बीएलओ से जबरन रसीद ले रहे हैं। उनके अनुसार, भदैया में लगभग 42 नाम काटे गए हैं, और पन्ना टिकरी में भी नाम काटे जाने की शिकायतें मिली हैं। इस मामले पर एसडीएम गामिनी सिंगला से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके सहायक ने बताया कि मैडम अभी एक बैठक में व्यस्त हैं।
उल्लेखनीय है कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में भी पहले ऐसे ही मामले सामने आए थे। तब पूर्व विधायक अरुण वर्मा ने भाजपा विधायक राज प्रसाद पर वोट कटवाने का आरोप लगाया था। इस मामले को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया था।

