लखनऊ पुलिस से भिड़े शिक्षक अभ्यर्थी, धक्का-मुक्की
लखनऊ में 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी पुलिस से भिड़ गए। जमकर नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिसवालों ने हाथ-पैर पकड़कर अभ्यर्थियों को ठूस-ठूसकर भरा और इको गार्डन ले गई।
करीब 50 अभ्यर्थी सोमवार सुबह 11 बजे डिप्टी सीएम का आवास घेरने के लिए सपा कार्यालय के बाहर जुटे। प्रदर्शनकारी ‘मैं अभागा पिछड़ा, दलित हूं’ और ‘सुप्रीम कोर्ट जातिवादी है’ जैसे स्लोगन लिखे बैनर ओढ़कर पहुंचे थे।
जैसे ही प्रदर्शनकारी सपा कार्यालय से आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस पर उनके बैनर फाड़ने का आरोप लगाकर वे हंगामा करने लगे। पहले पुलिसवालों से हॉट टॉक हुई, फिर धक्का-मुक्की हो गई। करीब 20 मिनट तक हंगामा चला।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने क्या कहा, पढ़िए
आरक्षित श्रेणी वाले अभ्यर्थियों का आरोप है कि इस भर्ती में OBC को 27% की जगह सिर्फ 3.86% और SC को 21% की जगह 16.2% आरक्षण मिला था। विवाद बढ़ने पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इनके 6800 पदों की चयन सूची को रद्द कर दिया था।
पूरी चयन सूची को नियमानुसार, संशोधित करने का आदेश दिया था। फिर यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया। जहां अभी सुनवाई चल रही है। ये अभ्यर्थी पुनर्मूल्यांकन और नई मेरिट लिस्ट की मांग करते हुए प्रदर्शन करते रहते हैं।

