UPSC की रैंक-301 पर झगड़ा खत्म, यूपी की आकांक्षा असली
UPSC ने फाइनल रिजल्ट में रैंक-301 को लेकर 2 आकांक्षा सिंह के दावों पर स्पष्टीकरण जारी किया। आयोग ने लेटर जारी कर बताया- रैंक-301 उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की आकांक्षा सिंह की ही है। उनके पिता का नाम रणजीत सिंह और मां का नाम नीलम सिंह है। रोल नंबर 0856794 है।
दरअसल, 6 मार्च को सिविल सर्विस का फाइनल रिजल्ट जारी हुआ था। इसके बाद बिहार के आरा की ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती आकांक्षा सिंह ने 301 रैंक पर अपना दावा किया था।
बिहार और यूपी की आकांक्षा सिंह के एडमिट कार्ड के QR कोड स्कैन किया था। जिसमें यूपी का मामला सही पाया गया था। सिविल सर्विसेज एग्जामिनेशन, 2025 का फाइनल रिजल्ट 6 मार्च को घोषित किया गया था। रिजल्ट जारी होने के बाद एक ही नाम की दो उम्मीदवारों, आकांक्षा सिंह ने फाइनल मेरिट लिस्ट में रैंक 301 हासिल करने का दावा किया।
301वीं रैंक को लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार की दो अलग-अलग आकांक्षा सिंह के दावे सामने आए। दरअसल, UPSC की ओर से जारी मेरिट लिस्ट में AIR 301 पर आकांक्षा सिंह का नाम दर्ज है, जिनका रोल नंबर 0856794 है। इसी वजह से दोनों उम्मीदवारों के दावे के बाद भ्रम की स्थिति बन गई थी। यूपी के गाजीपुर की आकांक्षा के इंटरव्यू कॉल लेटर पर दर्ज रोल नंबर 0856794 है। इस एडमिट कार्ड पर दिख रहे QR को स्कैन करने पर भी यही रोल नंबर दिख रहा था।
वहीं, बिहार के आरा की आकांक्षा सिंह ने भास्कर को अपना प्रीलिम्स एडमिट कार्ड उपलब्ध कराया। इस पर भी रोल नंबर 0856794 ही लिखा दिखाई दिया। मगर QR स्कैन करने पर रोल नंबर 085659 दिख रहा था।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की आकांक्षा ने बताया था कि उसने 0856794 रोल नंबर से अगस्त 2025 में मेंस और 4 फरवरी 2026 को इंटरव्यू दिया था।
उन्होंने कहा- मुझे क्लियर है कि यह रिजल्ट मेरा है, आप मेरे एडमिट कार्ड पर दर्ज कोड या रोल नंबर से जांच कर सकते हैं। UPSC की साइट पर कोई डाउट नहीं है। मीडिया में मिस इंफॉर्मेशन हुआ है। पूरा मामला क्लियर हो चुका है कि ये रिजल्ट मेरा है।

