बरेली में पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी
बरेली के प्रदर्शनी नगर स्थित पासपोर्ट कार्यालय में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी शुक्रवार सुबह करीब 11:15 बजे कार्यालय के आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक मेल के जरिए दी गई। ईमेल देखते ही पासपोर्ट अधिकारियों के होश उड़ गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे कार्यालय परिसर को खाली करा लिया गया है। मौके पर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते (BDS) को बुलाया गया है, जो बिल्डिंग के कोने-कोने की सघन चेकिंग कर रहे हैं।
अचानक हुई इस कार्रवाई और पुलिस की घेराबंदी से पासपोर्ट बनवाने आए आवेदकों और वहां काम करने वाले कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ईमेल के सोर्स की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों के तहत पूरी सावधानी बरती जा रही है। फिलहाल चेकिंग जारी है और अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11:15 बजे उनके पास एक ईमेल आया, जिसमें कार्यालय को बम से उड़ाने की सीधी धमकी दी गई थी। मेल में डराने वाली बात यह लिखी थी कि दोपहर 2:00 बजे तक एक ‘जहरीले बम’ से इस पासपोर्ट कार्यालय को उड़ा दिया जाएगा।
जैसे ही इसकी जानकारी मिली, पासपोर्ट अधिकारी ने बिना देर किए पुलिस के आलाधिकारियों को सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रेम नगर की पुलिस, बम डिस्पोजल दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वायड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।

