google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
JOBS

यूपी : प्राइवेट स्कूलों में मुफ्त पढ़ाई का मौका, RTE एडमिशन 2026 के लिए आवेदन शुरू

 यूपी में आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए प्राइवेट स्कूलों में मुफ्त शिक्षा पाने का रास्ता अब साफ हो गया है. निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत एकेडमिक सेशन 2026-27 के लिए निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों की 25 प्रतिशत सीटों पर एडमिशन की प्रक्रिया 2 फरवरी से शुरू होने जा रही है. इस योजना के तहत बच्चों को बिना फीस प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने का मौका मिलेगा. पूरे एडमिशन प्रोसेस को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा.

तीन चरणों में होंगे आवेदन

RTE के तहत पहले चरण के आवेदन 2 फरवरी से 16 फरवरी तक स्वीकार किए जाएंगे. इसके बाद दूसरे चरण में 21 फरवरी से 7 मार्च तक आवेदन लिए जाएंगे. वहीं, तीसरे और आखिरी चरण में 12 मार्च से 25 मार्च तक आवेदन करने का मौका मिलेगा. इस योजना के अंतर्गत पूर्व-प्राथमिक कक्षाओं (Nursery, LKG, UKG) और कक्षा 1 में एडमिशन दिया जाएगा.

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चों को स्कूलों का अलॉटमेंट लॉटरी सिस्टम के जरिए किया जाएगा. पहले चरण की लॉटरी 18 फरवरी, दूसरे चरण की 9 मार्च और तीसरे चरण की लॉटरी 29 मार्च को निकाली जाएगी. लॉटरी के बाद चयनित बच्चों के नामांकन के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी संबंधित प्राइवेट स्कूलों को आदेश जारी करेंगे.

11 अप्रैल तक पूरा करना होगा नामांकन

शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि लॉटरी में चयनित सभी बच्चों का नामांकन हर हाल में 11 अप्रैल तक पूरा कराया जाए. हर जिले के सभी मान्यता प्राप्त निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों में प्रारंभिक कक्षाओं की कुल सीटों के आधार पर कम से कम 25 प्रतिशत सीटों पर RTE के तहत एडमिशन अनिवार्य रूप से दिया जाएगा.

ऑनलाइन पोर्टल से ही होगा आवेदन

RTE के तहत आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. इसके लिए अभिभावकों को इस ऑफिशियल पोर्टल – www.rte25.upsdc.gov.in पर आवेदन करना होगा. प्रदेश के करीब 68 हजार प्राइवेट स्कूलों में लगभग 6 लाख सीटों पर एडमिशन के लिए आवेदन किए जाएंगे. पिछले साल RTE के तहत 3.37 लाख आवेदन आए थे, जिनमें से 2.54 लाख आवेदन स्वीकृत हुए और 1.85 लाख सीटों का अलॉटमेंट किया गया था. इनमें से करीब 1.41 लाख बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन मिला था.

एडमिशन के लिए तय आयु सीमा

RTE के तहत एडमिशन के लिए बच्चों की आयु सीमा भी तय की गई है.

– नर्सरी: 3 से 4 वर्ष

– LKG: 4 से 5 वर्ष

– UKG: 5 से 6 वर्ष

– कक्षा 1: 6 से 7 वर्ष

बच्चों की आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 से की जाएगी.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *