Dailynews

उत्तराखंड- हिमाचल में भारी बारिश, 129 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में रविवार से ही तेज बारिश हो रही है। लैंडस्लाइड के चलते प्रदेशभर की 129 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। मानसून के बाद से राज्य में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। बीते 24 घंटे में 3 ने जान गंवाई है।

हिमाचल के मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे पर थलौट की भुभु जोत टनल के पास सोमवार सुबह लैंडस्लाइड हो गया। इससे टनल के अंदर 5 घंटे तक कई गाड़ियां फंसी रहीं। अलर्ट के चलते आज हिमाचल के 4 जिलों में स्कूल बंद हैं।

बिहार के भोजपुर, बक्सर और नालंदा में बिजली गिरने से 5 की मौत हो गई। वहीं, गया के इमामगंज में लगुराही वाटरफॉल में रविवार को अचानक पानी बढ़ गया। तेज बहाव में 6 लड़कियां बह गईं। स्थानीय लोगों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

मौसम विभाग के अनुसार, आज 31 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश होगी। उत्तराखंड और झारखंड में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश-राजस्थान समेत 12 राज्यों में तेज बारिश का ऑरेंज और 17 राज्यों में यलो अलर्ट है।

नॉर्थ ओडिशा में प्रमुख नदियों के उफान पर होने के कारण राज्य सरकार ने निचले इलाकों से लोगों को निकालना शुरू कर दिया है। राज्य सरकार ने बालासोर और मयूरभंज के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, क्योंकि सुवर्णरेखा, बुधबलंग, जलाका और सोनो जैसी नदियों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

बालासोर तथा मयूरभंज जिलों में बचाव एवं राहत अभियान शुरू कर दिया है। बालासोर में अब तक 35 ग्राम पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हुई हैं। विभाग का कहना है कि सुवर्णरेखा का पानी और ज्यादा इलाकों में जा सकता है। सोमवार सुबह तक बालासोर में 1,138 लोगों को निकाला जा चुका है।

1 जुलाई को कैसा रहेगा देश का मौसम

  • दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ में तेज बारिश की संभावना है। यहां तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
  • असम, मेघालय, सिक्किम समेत पूर्वोत्तर राज्यों में बहुत ज्यादा बारिश का रेड अलर्ट रहेगा। मेघालय में लैंडस्लाइड और असम में बाढ़ की स्थिति बन सकती है।
  • मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में 1-3 जुलाई तक बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है। दोनों राज्यों के कुछ जिलों में 24 घंटे में 4.5 इंच तक बारिश हो सकती है।
  • केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना जैसे तटीय राज्यों में ऑरेंज अलर्ट रह सकता है। केरल के थ्रिसुर, मलप्पुरम, और कोझिकोड जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है।
  • बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट जारी है। महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा में भी बारिश की स्थिति बनी रहेगी।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *