यूपी में मौसम बिगड़ा, 25 जिलों में तेज बारिश, ओले, आंधी
यूपी में मौसम बिगड़ गया है। लखनऊ में शुक्रवार सुबह 10 बजे अचानक अंधेरा छा गया। तेज हवा के साथ बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर और सिद्धार्थनगर में भी तेज बारिश के साथ ओले गिरे।
इससे पहले प्रयागराज और मथुरा में तेज बारिश हुई। धूलभरी आंधी चली। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। स्कूली बच्चे और दफ्तर के लिए निकले लोग रेनकोट और छातों के साथ नजर आए। कानपुर, नोएडा, आगरा, अलीगढ़, मेरठ समेत 25 से ज्यादा जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई। काशी में आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। घाटों पर दुकान लगाने वाले लोग सामान समेटकर लौट गए।
वहीं, प्रयागराज, बलरामपुर, बहराइच और मिर्जापुर में आकाशीय बिजली गिरने से 3 किसानों समेत 5 की मौत हो गई। कई जगह गेहूं की खड़ी फसलें गिर गईं। किसानों का कहना है कि बेमौसम बारिश से सरसों और आलू की फसल पर भी खराब होने का खतरा मंडरा रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से पूरे प्रदेश में मौसम बदल गया है। अगले 2 दिन मौसम बिगड़ा ही रहेगा। 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पूरे प्रदेश बारिश की संभावना दिखाई दे रही है। 2 दिन बाद इसका असर कम होने लगेगा। पिछले 24 घंटे में मथुरा में सबसे तेज 87 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। हवा की रफ्तार नोएडा में 59 किमी, आगरा और बुलंदशहर में 57 किमी/घंटा दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश बागपत और बुलंदशहर में करीब 6 मिमी. रिकॉर्ड हुई।
क्यों बदला मौसम, जानिए
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आज से अफगानिस्तान के पास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका असर यूपी तक दिख रहा है। पश्चिमी यूपी से शुरू हुआ बारिश का दौर पूर्वी यूपी तक पहुंच गया है। आज और कल इसका इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। बारिश से अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
2 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
- 21 मार्च – पश्चिमी-पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तापमान में 2–3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
- 22 मार्च – पश्चिमी-पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। तेज हवाएं भी चलेंगी।
सीतापुर में मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर महमूदाबाद कस्बे में दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली है। बूंदाबांदी के हल्की ओलावृष्टि भी दिखाई दी। अचानक बदले मौसम के मिजाज से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है। सुबह से बादलों की आवाजाही से मौसम खुशनुमा बना हुआ है, जबकि तेज हवाओं ने मौसम को सर्द बना रखा है।

