Politics

योगी मंत्रिमंडल का विस्तार, राजभर समेत 4 नए कैबिनेट मंत्री

लखनऊ, लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उत्तर प्रदेश में मंगलवार को योगी सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार हो गया। नए मंत्रियों में सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर, भाजपा एमएलसी दारा सिंह चौहान, साहिबाबाद से भाजपा विधायक सुनील शर्मा और रालोद के दलित चेहरे अनिल कुमार हैं।

राजभर और दारा सिंह चौहान पूर्वांचल और अनिल कुमार और सुनील शर्मा पश्चिम यूपी से आते हैं। इन 4 को मंत्री बनाकर राज्य के पूर्वांचल और पश्चिमी हिस्से की करीब 15 लोकसभा सीटों को भाजपा ने साधने की कोशिश की है। राजभर का अपनी जाति पर अच्छी पकड़ है। राजभर की पार्टी के 6 विधायक हैं। वहीं, दारा सिंह ओबीसी से आते हैं। पूर्वांचल की सीटें-गाजीपुर, मऊ, बलिया, अंबेडकरनगर, घोसी, देवरिया, जौनपुर, गोरखपुर, महाराजगंज में इन जातियों का 40 से 90 हजार तक का वोट बैंक है।

वहीं, पश्चिम यूपी में ब्राह्मण चेहरे सुनील शर्मा को योगी कैबिनेट में जगह दी है। इससे गाजियाबाद, साहिबाबाद, मथुरा समेत कई सीटों पर असर पड़ेगा। इसके अलावा, रालोद के अनिल कुमार एससी वर्ग से आते हैं। पश्चिम यूपी के दलित वर्ग में इनकी अच्छी पकड़ है।

योगी कैबिनेट में कुल 52 मंत्री थे। अब यह संख्या बढ़कर 56 हो गई। सरकार में 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में अभी भी 4 मंत्रियों की जगह खाली है। नए मंत्रियों के बाद योगी सरकार में अब 22 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 20 राज्यमंत्री हैं।

योगी सरकार में अब सामान्य वर्ग के 24, OBC वर्ग के 22 और SC-ST वर्ग के मंत्रियों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। 25 मार्च 2022 को योगी सरकार 2.0 का शपथ ग्रहण हुआ था।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *