योगी बोले- सफाई मित्र मां जैसी भूमिका निभा रहे
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा- जो लोग वोट बैंक की राजनीति करते हैं, वो सामाजिक न्याय के पुराेधा बनते फिर रहे। सपा सरकार ने सामाजिक न्याय के पुरोधाओं की मूर्तियां और स्मारक हटाने की कोशिश की थी।
भाजपा के विरोध के बाद इन लोगों को पीछे हटना पड़ा। कई संस्थाओं के नाम महापुरुषों पर थे, उन्हें भी बदल दिया था। ये वही लोग हैं जो कहते हैं कि राम और कृष्ण हुए ही नहीं। राम का विरोध करना, मतलब वाल्मीकि का विरोध करने जैसा है।
सफाई कर्मी का वेतन अब सीधे खाते में सीएम योगी लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित महर्षि वाल्मीकि जंयती पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- सपा सरकार में सफाई कर्मियों का शोषण होता था, उन्हें सिर्फ 4 हजार रुपए मानदेय मिलता था। हमारी सरकार ने वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता दी है। अब वेतन नियमित रूप से सीधे उनके खातों में जाएगा। हर सफाई कर्मी को 5 लाख रुपए का बीमा कवर मिलेगा।
सीवर की सफाई अब मशीनों से कराई जाएगी। इसके बावजूद अगर कोई हादसा होता है, तो परिवार को 35-40 लाख रुपए का मुआवजा देने की व्यवस्था बैंक के साथ मिलकर की जा रही है। प्रदेश के 80 हजार होमगार्डों को पहले ही ऐसी सुविधा से लैस किया जा चुका है।
योगी ने वाल्मीकि समाज से अपील की कि वे अपने बच्चों को खूब पढ़ाएं, उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ाइए। मां जिस तरह बच्चे की गंदगी साफ करती है। उसी तरह आप समाज को स्वच्छ रखने का काम करते हैं। आप समाज के लिए मातृत्व की भूमिका निभा रहे हैं। रामायण ने भारत को जोड़ा, सपा-कांग्रेस ने तोड़ा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा- पूर्णिमा के दिन जन्मे महर्षि वाल्मीकि ने रामायण लिखकर समाज को धर्म, करुणा और न्याय के मूल्यों से जोड़ा। आज वही मूल्य योगी और मोदी सरकार आगे बढ़ा रही है। बिना भेदभाव के सबके विकास के लिए काम हो रहा है।
सपा और कांग्रेस सरकारों ने दलित महापुरुषों के साथ जैसा व्यवहार किया, वैसा इतिहास में कभी नहीं हुआ। अब वही लोग हमें वोट चोरी का पाठ पढ़ा रहे हैं। बूथ लूटने वाले अब नैतिकता की बात कर रहे हैं। भाजपा ने समाज में सौहार्द और समान अवसर देने का काम किया है।