खुर्जा में युवक पर चाकू से हमला, गंभीर रूप से घायल
खुर्जा नगर क्षेत्र में देर रात एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। मामूली कहासुनी के बाद हुई इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना खुर्जा नगर क्षेत्र के मोहल्ला सराय नसरूल्ला निवासी कमल मीणा के साथ हुई। कमल मीणा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह देर रात जेवर अड्डा स्थित शराब के ठेके के पास खड़े थे, तभी उनके पीछे आबदानगर निवासी बिलाल आ गया।
आरोप है कि बिलाल ने कमल मीणा की जेब काटने का प्रयास किया। जब कमल को इसका पता चला और उन्होंने बिलाल का हाथ पकड़ा, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी बिलाल ने कमल को जान से मारने की नीयत से उनकी गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया।
कमल ने अपनी गर्दन बचाने के लिए हाथ आगे कर दिया, जिससे उनके हाथ में गहरा घाव हो गया। शोर सुनकर कुछ लोगों को आता देख आरोपी बिलाल ने अपनी गर्दन पर भी चाकू मार लिया। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित कमल मीणा की तहरीर पर आरोपी बिलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल युवक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच पड़ताल जारी है।

