Dailynews

यूपी के 50 हजार शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है, अब वे टीईटी-2026 परीक्षा दे पाएंगे

यूपी के 50 हजार शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। अब वे यूपी टीईटी-2026 परीक्षा दे पाएंगे। मंगलवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने टीईटी के नोटिफिकेशन और गाइडलाइंस में 3 बड़े बदलाव किए हैं।

संशोधन के बाद उन शिक्षकों को परीक्षा देने की छूट दी गई है, जिनके पास टीईटी में बैठने की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता ही नहीं थी। इनकी संख्या 50 हजार थी।

बीएड या बीटीसी कर रहे छात्र भी परीक्षा दे पाएंगे। हालांकि बीएड पास अभ्यर्थियों को सिर्फ उच्च प्राथमिक विद्यालयों यानी कक्षा 6 से 8 तक की टीईटी परीक्षा देने की अनुमति दी गई है।

आयोग ने 20 मार्च को टीईटी परीक्षा का कार्यक्रम घोषित किया था। ये परीक्षा चार साल बाद प्रदेश में होने जा रही है। इस बार की परीक्षा में 15 से 20 लाख आवेदकों के शामिल होने का अनुमान है। इसमें प्रदेश के 1.86 लाख ऐसे टीचर भी शामिल हैं, जो अब तक टीईटी पास नहीं कर पाए हैं।

इन शिक्षकों के सामने संकट ये है कि सितंबर 2027 से पहले उन्होंने टीईटी पास नहीं किया तो उनकी नौकरी छिन जाएगी। 23 मार्च को “यूपी के 1.86 लाख शिक्षकों की नौकरी पर ‘संकट’: शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसमें टीईटी परीक्षा के लिए अपात्र 50 हजार शिक्षकों के दर्द को प्रमुखता से उठाया था। आयोग ने 24 घंटे के भीतर नोटिफिकेशन में बदलाव कर दिया।

तीनों बड़े बदलाव समझिए…

1- सभी शिक्षक परीक्षा के लिए पात्र

सुप्रीम कोर्ट के 1 सितंबर, 2025 फैसले से प्रभावित प्रदेश के सभी सहायक अध्यापक टीईटी परीक्षा में बैठने के लिए पात्र होंगे। मतलब- आयोग ने साफ कर दिया है कि उनकी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता में बदलाव किए जाएंगे। इससे पहले ग्रेजुएशन और बीटीसी पास वालों को ही टीईटी परीक्षा में बैठने के लिए पात्र बताया था। 1.86 लाख शिक्षकों में 50 हजार ऐसे ही सहायक अध्यापक हैं, जो ये पात्रता नहीं रखते।

1998 से पहले इंटरमीडिएट और दो साल की बीटीसी पर भर्ती हुए शिक्षक, बिना ग्रेजुएट और बीटीसी किए मृतक आश्रित में नौकरी करते हुए ट्रेंड ग्रेड से सहायक अध्यापक बने लोग और 1999 से 2004 के बीच बीपीएड से नौकरी पाने वाले सहायक अध्यापक शामिल थे। ये सभी शिक्षक स्पेशल बीटीसी का छह महीने का प्रशिक्षण ले चुके हैं। इसका प्रमाण पत्र भी इन्हें जारी है।

2- बीएड या टीचर्स ट्रेनिंग कोर्स कर रहे छात्र आवदेन कर सकते हैं

सुप्रीम कोर्ट के आदेश और एनसीटीई के 4 अगस्त, 2022 के स्पष्टीकरण के मुताबिक बीएड/टीचर्स ट्रेनिंग कोर्स (TTC) के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे या परीक्षा दे चुके अभ्यर्थी ही यूपीटेट के लिए पात्र बताए गए थे। अब संशोधन के जरिए आयोग ने छूट दी है कि बीएड/टीचर्स ट्रेनिंग कोर्स में अध्ययनरत कोई भी छात्र आवेदन कर सकता है।

3- बीएड वाले छात्र प्राथमिक स्तर की टीईटी परीक्षा से बाहर

आयोग ने मूल विज्ञापन में बीएड वालों को प्राथमिक शिक्षक (Paper-1) के लिए TET देने की अनुमति सशर्त दी थी। उन्हें नियुक्ति के बाद 2 साल के अंदर एसबीटीसी का 6 महीने का ब्रिज कोर्स पूरा करना अनिवार्य किया गया था।

अब आयोग ने संशोधन के जरिए इस बिंदु को हटा दिया है। आयोग ने कहा है कि हाईकोर्ट/एनसीटीई/सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद अब बीएड वाले अभ्यर्थी सिर्फ उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6-8) के लिए ही TET में बैठ पाएंगे। प्राथमिक स्तर (कक्षा 1-3) के लिए अब वे पात्र नहीं होंगे।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *