Dailynews

बरेली में गोवंश मिलने के बाद 7 पुलिसवाले सस्पेंड

बरेली में गोवंश के अवशेष मिलने पर SSP ने 2 दरोगा समेत सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। पुलिस कप्तान की कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद ताबड़तोड़ कार्रवाईयां शुरू हुई।

सस्पेंशन के करीब 5 घंटे बाद ही तीन तस्करों को एक एनकाउंटर में गोली मारकर अरेस्ट किया गया। गोली लगने के बाद कंधे पर उठाकर पुलिस वाले ले जाने लगे तो आरोपी बोले- हाय अल्लाह…गलती हो गई।

सामने आए वीडियो में पीछे से पुलिसवाला कह रहा कि जोर से बोलो। पुलिस के अनुसार, तीनों के पैर में गोली लगी है। हिरासत में लेने के बाद तीनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस एनकाउंटर में एक सिपाही भी घायल हुआ है।

दरअसल, इज्जतनगर के गांव फरीदापुर चौधरी में पिछले 2 दिनों से गोकशी हो रही थी। नाले में करीब 28 बोरियों में बंद गोवंश के अवशेष मिल रहे थे। इसको लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। हिंदू संगठनों ने एसएसपी से मिलकर विरोध जताया। इसके बाद एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए तीन टीमें बनाई थी।

इज्जतनगर के फरीदापुर चौधरी क्षेत्र में शनिवार को एक नाले में स्थानीय लोगों को गाय के कटे हुए सिर और 8 बंद बोरियां तैरती हुई दिखी। लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।

इस वीडियो को कई हिंदूवादी संगठनों के ग्रुप्स में भी शेयर कर दिए गए। वीडियो देखने के बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, गौरक्षा दल आदि संगठनों के लोग पहुंच गए। विरोध प्रदर्शन करने लगे। हंगामा की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची।

जेसीबी बुलाकर उन बोरियों को निकलवाया गया। इसके बाद स्थानीय थाने में अज्ञात गोतस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद हिंदूवादी संगठनों का गुस्सा शांत हुआ और प्रदर्शन खत्म हुआ।

लेकिन रविवार को फिर उसी नाले में करीब 20 बोरियां तैरती दिखी। इसकी सूचना मिलते ही एक बार फिर बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठनों के लोग पहुंच गए। 100 से अधिक संख्या में पहुंचे हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

मामला बिगड़ता देख पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाया। बोरियां निकलवाकर उसे ठिकाने लगाया गया और दूसरे दिन भी अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

प्रदर्शन के बाद हिंदूवादी संगठनों के लोग SSP अनुराग आर्या के ऑफिस पहुंचे। उनसे मिलकर गोतस्करी रोकने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

देर रात एसएसपी ने 7 पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया

शिकायत मिलने के बाद एसएसपी अनुराग आर्या ने सीओ सिटी थर्ड पंकज श्रीवास्तव को जांच सौंपी। जांच रिपोर्ट मिलते ही एसएसपी ने इज्जतनगर थानाक्षेत्र के फरीदापुर चौधरी बीट के दो एसआई, 4 हेड कांस्टेबल समेत सात पुलिसवालों को रविवार देर रात में सस्पेंड कर दिया।

सस्पेंड होने वालों में एसआई उमेश कुमार राय, एसआई अमित कुमार, हेड कांस्टेबल मोहम्मद सलीम, हेड कांस्टेबल पप्पू राम, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार और कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल हैं।

पुलिसवालों को सस्पेंड करने के बाद एसएसपी ने गोतस्करी रोकने के लिए तीन टीमों का भी गठन किया। उधर, पुलिसवालों पर कार्रवाई के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। रविवार देर रात ही पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *